ऑर्डर पूरा करने और माल की आपूर्ति के लिए मिलने वाली समय सीमा घटने से निर्यातक परेशान

 


- समय पर माल तैयार नहीं होने पर खरीदार कुल ऑर्डर मूल्य पर 2.5 प्रतिशत तक छूट मांगते : विवेक अग्रवाल

मुरादाबाद, 18 नवंबर (हि.स.)। निर्यात कारोबार में विदेशी खरीदारों ने ऑर्डर पूरा करने और माल की आपूर्ति के लिए मिलने वाली समय सीमा घटा दी है। पहले निर्यातकों को ऑर्डर पूरा करने के लिए 60 दिन मिलते थे, लेकिन अब यह अवधि घटाकर 45 दिन कर दी गई है। इससे निर्यातकाें में राेष है।

युवा निर्यातकों की संस्था यंग एंटरप्रेन्योर सोसाइटी (यस) के उपाध्यक्ष व जेएमडी विवेक इंटरनेशनल के संचालक निर्यातक विवेक अग्रवाल ने बुधवार को विज्ञप्ति जारी कर बताया कि तय समय में माल तैयार नहीं होने पर खरीदार कुल ऑर्डर मूल्य पर 2.5 प्रतिशत तक छूट मांग रहे हैं। इस वजह से निर्यातकों को 2.5 प्रतिशत छूट देनी पड़ रही है। इसके बाद भी 15 दिन की अतिरिक्त देरी होने पर माल हवाई मार्ग से भेजने का दबाव बनाया जा रहा है। इससे निर्यातकों की लागत बढ़ रही है और मुनाफा घट रहा है।

उन्होंने आगे बताया कि पिछले छह महीने में यह समस्या अधिक गंभीर हुई है। हस्तशिल्प उत्पादों को तैयार करने में डिजाइन, कास्टिंग, फिनिशिंग, पॉलिश और पैकेजिंग समेत कई प्रक्रियाएं पूरी करनी पड़ती हैं। ऐसे में 60 दिन के बजाय 45 दिन में ऑर्डर तैयार करना चुनौती बन रहा है। समय सीमा में माल तैयार नहीं होने पर खरीदार छूट मांगते हैं। वहीं, अतिरिक्त 15 दिन में भी आपूर्ति नहीं होने पर हवाई मार्ग से माल भेजने को कहा जाता है। समुद्री मार्ग की तुलना में हवाई परिवहन काफी महंगा पड़ता है। ऐसे में निर्यातकों को एक ओर छूट देना पड़ रहा है, वहीं दूसरी ओर महंगे परिवहन का खर्च भी उठाना पड़ रहा है। निर्यातकों का कहना है कि समय सीमा कम होने से उत्पादन और आपूर्ति की योजना प्रभावित हो रही है।

अमेरिका से यूरोप और खाड़ी देशों तक भेजे जाते हैं हस्तशिल्प उत्पाद

मुरादाबाद के हस्तशिल्प उत्पादों की मांग अमेरिका, ब्रिटेन, जर्मनी, फ्रांस, इटली, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया और संयुक्त अरब अमीरात समेत खाड़ी देशों में है। यहां से पीतल की मूर्तियां, फूलदान, कैंडल स्टैंड, सजावटी ट्रे, मेटल बॉल आर्ट, टेबलवेयर और घरेलू सजावट के सामान भेजे जाते हैं। इसके अलावा आयरन शीट मेटलवेयर, एल्युमीनियम आर्टवर्क, स्टेनलेस स्टील के उत्पाद और कांच के सजावटी सामान भी विदेशी बाजारों में पहुंचते हैं।

-----------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल