उत्तर प्रदेश के आबकारी विभाग ने राजस्व प्राप्ति में बनाया नया कीर्तिमान

 

लखनऊ, 04 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के आबकारी एवं मद्य निषेध राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नितिन अग्रवाल ने कहा कि आबकारी विभाग ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में राजस्व प्राप्ति के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। विभाग ने विगत सभी रिकॉर्ड तोड़ते हुए प्रदेश के राजस्व में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा वर्तमान वित्तीय वर्ष 2026-27 में अप्रैल से जुलाई माह तक 20,862.42 करोड़ रुपये राजस्व प्राप्त किया गया, जो कि गत वर्ष 2025-26 के इसी अवधि में प्राप्त राजस्व 18,583.19 करोड़ रुपए के सापेक्ष 12.27 प्रतिशत अर्थात् रू. 2,279.23 करोड़ रुपये अधिक है।

इसी प्रकार वित्तीय वर्ष 2026-27 के जुलाई माह में 5,052.86 करोड़ रुपए का राजस्व प्राप्त किया गया, जो कि गत वर्ष 2025-26 के इसी माह में प्राप्त 4,354.28 करोड़ रुपये के राजस्व के सापेक्ष 16.04 प्रतिशत अर्थात् 698.58 करोड़ रुपये अधिक है। वर्तमान वित्तीय वर्ष के इसी अगस्त माह में अभी तक 273.87 करोड़ रुपये की राजस्व प्राप्ति हुई है।

आबकारी विभाग ने गत वित्तीय वर्ष 2025-26 में 57,722.26 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त किया, जो कि विगत वित्तीय वर्ष 2024-25 में प्राप्त राजस्व 52,573.07 करोड़ रुपये के सापेक्ष 9.79 प्रतिशत अर्थात 5,149.19 करोड़ रुपये अधिक था।

आबकारी मंत्री ने बताया कि वर्तमान वित्तीय वर्ष 2026-27 में अप्रैल से जून माह तक अवैध शराब के विरूद्ध प्रभावी प्रवर्तन कार्यवाही करते हुए कुल 29,294 अभियोग दर्ज कर 9.01 लाख लीटर अवैध मदिरा/मादक द्रव्य बरामद की गयी। अवैध मदिरा के कारोबार में संलिप्त 4,673 व्यक्तियों को गिरफ्तार करते हुए 819 व्यक्तियों को जेल भेजा गया है एवं अवैध मदिरा की तस्करी में प्रयुक्त 30 वाहनों को जब्त किया गया।

इसी प्रकार जुलाई माह की गई प्रवर्तन कार्यवाही में अवैध शराब के मामले में कुल 9,769 अभियोग दर्ज कर 2.34 लाख लीटर अवैध मदिरा/मादक द्रव्य बरामद की गयी। जुलाई में ही अवैध मदिरा के कारोबार में संलिप्त 1,704 व्यक्तियों को गिरफ्तार करते हुए 271 व्यक्तियों को जेल भेजा गया एवं अवैध मदिरा की तस्करी में प्रयुक्त 14 वाहनों को जब्त किया गया।

गत वित्तीय वर्ष 2025-26 में प्रदेश में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री एवं तस्करी के कुल 1,19,001 अभियोग दर्ज करते हुए 31.16 लाख लीटर अवैध मदिरा/मादक द्रव्य बरामद की गयी। अवैध मदिरा के कारोबार में संलिप्त 21,401 व्यक्तियों को गिरफ्तार करते हुए 3,960 व्यक्तियों को जेल भेजा गया एवं अवैध मदिरा की तस्करी में प्रयुक्त 155 वाहनों को जब्त किया गया।

उन्होंने बताया कि आबकारी विभाग के राजस्व प्राप्ति में लगातार वृद्धि हो रही है और अवैध शराब के निर्माण, बिक्री एवं तस्करी के विरुद्ध प्रभावी प्रवर्तन कार्यवाही की जा रही। प्रदेश सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में आबकारी विभाग के लिए 71,278 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्ति का लक्ष्य निर्धारित किया है, जिसे प्राप्त करने के लिए विभागीय अधिकारी पूर्ण उत्तरदायित्व एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहे। विभाग का उद्देश्य राजस्व बढ़ाने के साथ-साथ समाज को नशे के दुष्प्रभावों से बचाना भी है। विगत साढ़े चार वर्षों के दौरान मदिरा से किसी भी प्रकार की जनहानि नही हुई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. जितेन्‍द्र पाण्डेय