प्रयागराज मंडल ने यूपी होमगार्ड परीक्षार्थियों के लिए चलाई एग्जाम स्पेशल ट्रेनें
प्रयागराज, 26 अप्रैल (हि.स)। प्रयागराज मंडल द्वारा यूपी होमगार्ड भर्ती परीक्षा में शामिल होने वाले परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के आवागमन को देखते हुए प्रयागराज मंडल प्रशासन ने आवश्यकतानुसार एग्जाम स्पेशल ट्रेन का संचालन किया गया, जिससे परीक्षार्थियों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल के निर्देशन में पूरी व्यवस्था को सुव्यवस्थित ढंग से संचालित किया गया। प्रयागराज जंक्शन, कानपुर सेंट्रल एवं अन्य प्रमुख स्टेशनों परीक्षार्थियों की सुविधा के दृष्टिगत प्लेटफॉर्म, टिकट काउंटर तथा प्रवेश-निकास द्वारों पर विशेष व्यवस्थाएं की गईं। इसके साथ ही मंडल स्तर पर स्थापित वार रूम से प्रमुख स्टेशनों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी रखी गई। अधिकारियों की ओर से भीड़ की स्थिति, यात्री आवागमन तथा प्लेटफॉर्म व्यवस्था का अवलोकन किया जाता रहा, जिससे किसी भी प्रकार की असुविधा होने पर तुरंत आवश्यक कदम उठाए जा सकें।
जनसम्पर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने रविवार को बताया कि प्रयागराज मंडल की ओर से संचालित एग्जाम स्पेशल ट्रेनों में कानपुर सेंट्रल-प्रयागराज जंक्शन एग्जाम स्पेशल ट्रेन ने कानपुर सेंट्रल से 13ः12 बजे प्रस्थान किया। इस ट्रेन में 12 कोच लगाये गए थे। कानपुर सेंट्रल-प्रयागराज जंक्शन एग्जाम स्पेशल ट्रेन ने कानपुर सेंट्रल से 18ः15 बजे प्रस्थान किया। इस ट्रेन में 21 कोच लगाये गए थे। कानपुर सेंट्रल-लखनऊ एग्जाम स्पेशल ट्रेन ने कानपुर सेंट्रल से 18ः30 बजे प्रस्थान किया। इस ट्रेन में 12 कोच लगाये गए थे। सभी में लगभग 1800-1800 यात्रियों ने यात्रा की।
उन्होंने बताया कि परीक्षार्थियों की सहायता एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए रेलवे सुरक्षा बल तथा राजकीय रेलवे पुलिस के जवानों को प्रमुख स्टेशनों एवं ट्रेनों में तैनात किया गया। इसके अतिरिक्त वाणिज्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा भी स्टेशन परिसर में यात्रियों का मार्गदर्शन किया गया। टिकट जांच स्टाफ और हेल्प डेस्क कर्मियों द्वारा परीक्षार्थियों को प्लेटफॉर्म, ट्रेन समय तथा अन्य आवश्यक सूचनाएं प्रदान की जाती रहीं।
उन्होंने कहा कि रेलवे का निरंतर प्रयास है कि अभ्यार्थियों को परीक्षा जैसे महत्वपूर्ण अवसरों पर बेहतर यात्रा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। यह परीक्षा विशेष गाड़ी इसी दिशा में एक सकारात्मक कदम है, जिससे परीक्षार्थी तनावमुक्त होकर अपनी परीक्षा में सम्मिलित हो सकें और समय पर अपने परीक्षा केंद्र तक पहुंच सकें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र