पूर्व विधायक राजीव चन्ना और मनमोहन सैनी फिर से सपा की साइकिल पर सवार
- 2009 के लोकसभा चुनाव में बहुजन समाज पार्टी के सिंबल पर मुरादाबाद लोकसभा क्षेत्र से लड़े थे राजीव चन्ना
- भाजपा में आने से पहले मनमोहन सैनी सपा मुरादाबाद के जिला अध्यक्ष रह चुके थे
मुरादाबाद, 15 अक्टूबर (हि.स.)। मुरादाबाद जनपद की मुरादाबाद पश्चिम विधानसभा से भाजपा के सिंबल पर वर्ष 2007 में विधायक बने राजीव चन्ना गुरुवार को फिर से समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए। उनके साथ समाजवादी पार्टी से भाजपा में आए मनमोहन सैनी भी दोबारा साइकिल पर सवार हो गए। मनमोहन सैनी सपा मुरादाबाद के पूर्व जिला अध्यक्ष रह चुके हैं।
भाजपा मुरादाबाद के पूर्व महानगर अध्यक्ष राजीव चन्ना उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2007 में भाजपा के सिंबल पर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र से विधायक चुने गए थे। 2 वर्ष बाद वर्ष 2009 में हुए वे लोकसभा चुनाव में राजीव चन्ना ने भाजपा और विधानसभा से इस्तीफा देकर बहुजन समाज पार्टी की सदस्यता ले ली थी और वर्ष 2009 में मुरादाबाद लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा था,, जिसमें कांग्रेस प्रत्याशी व भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान मोहम्मद अजहरूद्दीन ने जीत दर्ज की थी। इसके बाद वर्ष 2012 में राजीव चन्ना हाथी की सवारी को छोड़कर साइकिल पर सवार हो गए और वर्ष 2017 में जब पूर्ण बहुमत से उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार बनीं तो राजीव चन्ना ने भाजपा में वापसी कर ली थी। गुरुवार को लखनऊ में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की प्रेस कांफ्रेंस के दौरान राजीव चन्ना ने सपा का दामन थाम लिया।
वहीं समाजवादी पार्टी मुरादाबाद के पूर्व जिला अध्यक्ष रहे मनमोहन सैनी ने वर्ष 2017 में भाजपा की सदस्यता ले ली थी। मनमोहन सैनी भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा में क्षेत्रीय और प्रदेश कार्यकारिणी में सदस्य रहे। उन्होंने भी आज लखनऊ में समाजवादी पार्टी की सदस्यता ले ली।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल