राजनीति में समाज को बांटने के बजाय एकजुट रखने का हाेना चाहिए प्रयास : साध्वी निरंजन ज्योति

 


साध्वी निरंजन ज्योति ने किए बांके बिहारी मंदिर में दर्शन

मथुरा, 30 मार्च(हि.स.)। राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की नवनियुक्त अध्यक्ष साध्वी निरंजन ज्योति सोमवार को धर्मनगरी वृन्दावन पहुंचीं। पदभार ग्रहण करने के बाद प्रथम आगमन पर उन्होंने ठाकुर बांके बिहारी मंदिर में विधिवत पूजन-अर्चन कर आशीर्वाद लिया। मंदिर के सेवायतों ने उन्हें माला व प्रसादी भेंट कर उनका स्वागत किया।

मीडिया से बातचीत के दौरान साध्वी निरंजन ज्योति ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की इस पावन भूमि पर दर्शन का सौभाग्य मिलना मेरे लिए गर्व की बात है। मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करती हूं कि उन्होंने मुझ जैसी एक साधारण परिवार की महिला को केंद्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की अध्यक्ष जैसी बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। मैंने बिहारी जी से यही प्रार्थना की है कि मैं अपनी पूरी निष्ठा के साथ इस पद का निर्वहन कर सकूं। वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों के सवाल पर उन्होंने विपक्षी राजनीति पर कटाक्ष करते हुए कहा कि हिंदुस्तान के लोग अब अपनी पहचान हिंदुस्तानी के तौर पर देख रहे हैं। उन्होंने नसीहत दी कि राजनीति में समाज को बांटने के बजाय एकजुट रखने का प्रयास होना चाहिए। अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते युद्ध के तनाव पर अध्यक्ष ने देशवासियों को आश्वस्त किया। उन्होंने कहा कि युद्ध की स्थिति से देश पर कोई संकट नहीं है। सरकार पूरी तरह सतर्क और चिंतित है। वैश्विक संकट के इस दौर में भारत की जिम्मेदारी और बढ़ गई है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि संकट की इस घड़ी में सभी एकजुट रहें और किसी भी परिस्थिति का सामना करने के लिए तैयार रहें।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार