स्वच्छता जनभागीदारी से ही बनेगी मजबूत, हर व्यक्ति निभाए जिम्मेदारी : रमेश अवस्थी

 


कानपुर, 01 अक्टूबर (हि.स.)। स्वच्छता केवल किसी एक व्यक्ति या संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत के संकल्प को जनभागीदारी के जरिए ही मजबूत किया जा सकता है। यह बातें भाजपा सांसद रमेश अवस्थी ने गुरुवार को लेनिन पार्क में आयोजित ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के दौरान कहीं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में चल रहे सेवा पखवाड़ा के तहत भारतीय जनता पार्टी कानपुर महानगर उत्तर की ओर से सीसामऊ विधानसभा क्षेत्र स्थित लेनिन पार्क में स्वच्छता अभियान चलाया गया। सांसद रमेश अवस्थी ने पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ पार्क परिसर में श्रमदान कर सफाई की। उन्होंने लोगों को अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने के लिए जागरूक किया।

राष्ट्रव्यापी आह्वान ‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ के तहत हुए अभियान में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ स्थानीय नागरिकों ने भी हिस्सा लिया। सभी ने मिलकर पार्क परिसर की सफाई की और स्वच्छता को नियमित जीवनशैली का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।

अभियान के दौरान सांसद ने पाैधरोपण भी किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण के साथ पर्यावरण संरक्षण पर भी ध्यान देना जरूरी है। अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने से शहर को हरित बनाने में मदद मिलेगी। उन्होंने लोगों से स्वच्छता के साथ पर्यावरण संरक्षण में भी सक्रिय भागीदारी करने की अपील की।

कार्यक्रम में कौशलपुरी मंडल अध्यक्ष भानु प्रताप सिंह, रायपुरवा मंडल अध्यक्ष अनंत मिश्रा, वार्ड-5 के पार्षद आलोक पांडेय, जिला मंत्री रीता पासवान, स्पर्श कटियार, रूपेश कुमार, पूनम कुमारी, सोनल श्रीवास्तव, मनीष बाजपेई, अंकुर श्रीवास्तव, निर्भय निगम, सुदीप सिंह, आलोक दीक्षित, सुशील जैन, जितेंद्र अवस्थी और संजय कुशवाहा समेत भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता, पदाधिकारी व स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

अभियान के अंत में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को लेकर सामूहिक संकल्प लिया गया। आयोजकों ने बताया कि ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के जरिए लोगों को साफ-सफाई के साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप