जौनपुर में 18 मार्च से शुरू होगा यूपी बोर्ड कॉपियों का मूल्यांकन, तैयारियां पूरी
जौनपुर, 17 मार्च (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन 18 मार्च से शुरू होने जा रहा है। इसके लिए जिले में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। मंगलवार को सभी मूल्यांकन केंद्रों पर परीक्षकों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई, जबकि केंद्र व्यवस्थापक अंतिम व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में जुटे रहे।
जिले में कुल पांच मूल्यांकन केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें जीजीआईसी, शिया इंटर कॉलेज, बीआरपी इंटर कॉलेज, जनक कुमारी इंटर कॉलेज और राज्य श्रीकृष्ण दत्त इंटर कॉलेज शामिल हैं। इन केंद्रों पर उप नियंत्रक, उप प्रधान परीक्षक और परीक्षकों की तैनाती की जा रही है, ताकि मूल्यांकन कार्य सुचारु रूप से संचालित हो सके।
उत्तर पुस्तिकाओं को कोठार से केंद्रों तक पहुंचाने का कार्य जारी है। हालांकि सोमवार तक अधिकांश केंद्रों पर कॉपियां नहीं पहुंच सकी थीं, लेकिन मंगलवार देर रात इनके पहुंचने की सम्भावना जताई जा रही है। परिषद द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार, दूसरे जनपदों से आने वाली उत्तर पुस्तिकाओं को सीसीटीवी निगरानी में सुरक्षित रखा जाएगा। जीजीआईसी से भी उत्तर पुस्तिकाएं अन्य जनपदों के लिए भेजी जा रही हैं। वहीं शिया इंटर कॉलेज केंद्र पर करीब 200 परीक्षकों ने उपस्थिति दर्ज कराई। बीआरपी इंटर कॉलेज और जनक कुमारी इंटर कॉलेज में मूल्यांकन की तैयारियों को लेकर बैठकें आयोजित की गईं।
माध्यमिक शिक्षा परिषद ने 25 मार्च तक मूल्यांकन कार्य पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। ऐसे में सभी केंद्रों पर समयबद्ध और पारदर्शी मूल्यांकन सुनिश्चित करने के लिए विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव