सुलतानपुर में इथेनॉल टैंकर पलटा, 10 किमी सड़क बंद

 


सुलतानपुर, 29 जुलाई (हि.स.) । उत्तर प्रदेश के जिला सुलतानपुर के भदैया स्थित दोमुहा-सुलतानपुर रोड पर मंगलवार देर रात इथेनॉल से भरा एक टैंकर पलट गया। यह हादसा छतौना गांव के पास हुआ, जिसमें टैंकर चालक गुरमीत सिंह घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

बलरामपुर से इथेनॉल लेकर मिर्जापुर जा रहे दो टैंकरों में से एक यूपी 62 एटी 9688, बीती रात लगभग 1 बजे पलट गया। चालक गुरमीत सिंह के अनुसार, सामने से आ रहे एक ट्रेलर ने साइड मारी, जिससे टैंकर का एक पहिया सड़क किनारे जल जीवन मिशन के लिए खोदी गई पाइपलाइन के गड्ढे में चला गया और टैंकर पलट गया। दूसरा टैंकर (यूपी 61 बीटी 3974) सुरक्षित रहा।

टैंकर पलटने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल चालक को बाहर निकाला। चालक ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। इथेनॉल ज्वलनशील पदार्थ होने के कारण, मौके पर तत्काल तीन फायर ब्रिगेड वाहन तैनात किए गए। पलटे हुए टैंकर से केमिकल की गंध आ रही थी, जिससे रिसाव की आशंका जताई गई।

सुरक्षा के मद्देनजर, पुलिस और प्रशासन ने सुलतानपुर से दोमुहा रोड पर लगभग 10 किलोमीटर तक आवागमन पूरी तरह बंद कर दिया। दोमुहा चौराहा और भुलकी चौराहे पर ट्रैफिक पुलिस और बैरियर लगाए गए। सड़क बंद होने से स्कूली वाहनों और आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

देहात कोतवाल धर्मबीर सिंह ने बुधवार को बताया कि सुरक्षा कारणों से सड़क पर यातायात रोका गया है। संभावित खतरे को देखते हुए मौके पर दो बड़े और एक छोटा फायर ब्रिगेड वाहन तैनात किया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / दयाशंकर गुप्त