अधूरे आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण एक सप्ताह में पूर्ण कराए अफसर : जिलाधिकारी

 


देवरिया, 01 जुलाई (हि.स.)। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने अधूरे आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण कार्य एक सप्ताह के भीतर प्रत्येक दशा में पूर्ण कराने के निर्देश बुधवार को दिए। उन्होंने सीडीपीओ, सुपरवाइजर एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्तियों को टीम भावना से कार्य करते हुए विभागीय योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बाल विकास विभाग के अंतर्गत गठित पोषण समिति की बैठक संपन्न हुई। इसमें उन्होंने कहा कि सीडीपीओ प्रभावी अनुश्रवण करें तथा सुपरवाइजर भी अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमणशील रहकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को उनके दायित्वों के प्रति प्रेरित करें और कार्यों की नियमित निगरानी करें।

जिलाधिकारी ने कहा कि ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण समिति के आयोजित सत्रों में जिन क्षेत्रों में मातृ अथवा शिशु मृत्यु हुई हो अथवा संबंधित आंगनबाड़ी केंद्र संघर्षशील श्रेणी में हो, वहां सीडीपीओ एवं सुपरवाइजर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहकर सभी गतिविधियों का प्रभावी संचालन सुनिश्चित कराएं।

उन्होंने सुपरवाइजरों को आगाह करते हुए कहा कि जिस क्षेत्र में मातृ अथवा शिशु मृत्यु होगी, उस क्षेत्र के संबंधित सुपरवाइजर के विरुद्ध प्रतिकूल प्रविष्टि की जाएगी। आगनबाड़ी कार्यकर्तियों एवं सुपरवाइजरों को नियमित होम विजिट करने और पोषण ट्रैकर एवं ई-कवच के माध्यम से ड्यू-लिस्ट का मिलान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने वर्ष 2022-23 एवं 2023-24 में निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्रों की समीक्षा के दौरान पाया कि अधिकांश केंद्रों में केवल छोटी-छोटी कमियां शेष हैं, जिन्हें आसानी से पूरा किया जा सकता है। इस पर उन्होंने सभी खंड विकास अधिकारियों एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर सभी निर्माण कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी आदिश मिश्रा, सभी सीडीपीओ, सुपरवाइजर, खंड विकास अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक