गर्ल्स इंटर कॉलेज की तीसरी मंजिल से गिरी शिक्षिका, हालत नाजुक

 


कानपुर, 08 अक्टूबर (हि.स.)। बेकनगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत आयशा सिद्दीकी गर्ल्स इंटर कॉलेज में गुरुवार को एक अंग्रेजी शिक्षिका तीसरी मंजिल से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। तेज आवाज सुनकर स्कूल के शिक्षक मौके पर पहुंचे और घटना की सूचना डायल-112 पर दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल शिक्षिका को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।

तलाक महल निवासी शुमैला पिछले 15 साल से आयशा सिद्दीकी गर्ल्स इंटर कॉलेज में अंग्रेजी शिक्षिका हैं। वह कक्षा चार से छह तक के बच्चों को पढ़ाती हैं। कॉलेज की प्रिंसिपल नाजिश सिद्दीकी ने बताया कि शुमैला की मां मानसिक रूप से बीमार हैं। उनकी देखभाल के कारण शुमैला ने निकाह नहीं किया। पिता की मौत के बाद मां-बेटी घर में रहती हैं।

प्रिंसिपल के मुताबिक, कुछ दिन पहले स्कूल आने के दौरान शुमैला ने तबीयत खराब होने की बात कहकर हाफ टाइम में छुट्टी ले ली थी। इसके बाद घर पर ट्यूशन पढ़ाते समय उनकी तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गईं। परिजनों ने उन्हें हैलट अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां उनका आईसीयू में इलाज चल रहा था।

आगे उन्होंने बताया कि बुधवार को शुमैला को आईसीयू से वार्ड में शिफ्ट किया गया था। आज कॉलेज की कुछ शिक्षिकाएं उनका हालचाल लेने हैलट पहुंचीं। इस दौरान शुमैला ने साथी शिक्षिकाओं को पहचानने से इनकार कर दिया। डॉक्टरों ने उनके मानसिक बीमारी से पीड़ित होने की जानकारी दी थी।

बताया गया कि अस्पताल में बातचीत के दौरान शुमैला बिना किसी को बताए वहां से निकल गईं। परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन पता नहीं चला। बाद में वह बेकनगंज थाने पहुंचीं, जहां से महिला पुलिसकर्मी उन्हें घर छोड़कर आईं। इसके बाद वह दोपहर में कॉलेज पहुंच गईं।

आज कॉलेज में छमाही परीक्षाएं चल रही थीं। प्रिंसिपल किसी काम से स्कूल से बाहर गई थीं। इसी दौरान शुमैला स्कूल पहुंचीं और तीसरी मंजिल पर चली गईं। वहां से वह नीचे गिर गईं। तेज आवाज सुनकर शिक्षक और बच्चे मौके पर पहुंचे तो वह परिसर में गंभीर हालत में पड़ी थीं। सूचना पर पहुंचे बेकनगंज इंस्पेक्टर मतीन खान ने उन्हें तत्काल हैलट अस्पताल पहुंचाया।

एसीपी अनवरगंज मंजय सिंह ने बताया कि शिक्षिका मानसिक बीमारी से पीड़ित हैं और उन्हें इलाज के लिए हैलट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप