ऊर्जाकर्मी 7 मई को करेंगे प्रदेशव्यापी कार्य बहिष्कार

 


लखनऊ, 21 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश विद्युत संविदा कर्मचारी महासंघ ने ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा को दिए गए पत्र के क्रम में मंगलवार को पूरे प्रदेश में संविदा कर्मियों ने सत्याग्रह किया। इस दौरान कर्मियों ने लखनऊ स्थित महासंघ कार्यालय में चर्चा करते हुए प्रमुख मांग रखी। कहा गया कि राज्य सरकार की ओर से गठित आउटसोर्स निगम में ऊर्जा निगमों के संविदा कर्मियों को भी शामिल किया जाए।

वरिष्ठ मजदूर नेता एवं महासंघ के अध्यक्ष आर. एस राय ने कहा कि मुख्यमंत्री ने पूरे प्रदेश के संविदा कर्मियों को बिचौलिया को हटाकर विभाग द्वारा सीधे वेतन का भुगतान किए जाने, वेतन बढ़ाए जाने, ईपीएफ का सीधे विभाग से भुगतान किए जाने की घोषणा विधानसभा में की थी, किंतु पावर कार्पोरेशन प्रबंधन आउटसोर्स निगम से ऊर्जा निगमों के संविदा कर्मचारियों को अलग रखना चाहता है, जो पूरी तरह अन्याय है।

महासंघ के प्रदेश प्रभारी पुनीत राय ने कहा कि प्रतिदिन की जा रही छंटनी, और ठेकेदारों के शोषण से बचने के लिए ऊर्जा निगमों के संविदा कर्मियों को आउटसोर्स निगम में शामिल किया जाना अति आवश्यक है। विद्युत मज़दूर संगठन उप्र के अध्यक्ष एवं महासंघ के मीडिया प्रभारी विमल चंद्र पाण्डेय ने चेतावनी दी कि यदि 7 मई 2026 के कार्य बहिष्कार के बाद भी संविदाकर्मियों को न्याय नहीं मिला तो पूरे प्रदेश के संविदाकर्मियों द्वारा अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा