दिव्यांग महिलाओं को आर्थिक और राजनीतिक रूप से सशक्त बनाना जरूरी : वीरेन्द्र कुमार

 


कानपुर, 21 जून (हि.स.)। दिव्यांग महिलाओं को आत्मनिर्भर और सम्मानजनक जीवन देने के लिए आर्थिक व राजनीतिक सशक्तिकरण जरूरी है। समाज और सरकार के साथ-साथ स्वयं महिलाओं को भी अपने अधिकारों के लिए आगे आना होगा। राष्ट्रीय दिव्यांग पार्टी आगामी चुनावों में दिव्यांग महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने का प्रयास करेगी। महिलाओं को नेतृत्व की भूमिका में लाने के लिए संगठन स्तर पर भी विशेष अभियान चलाया जाएगा।

यह बातें रविवार को राष्ट्रीय दिव्यांग पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष वीरेन्द्र कुमार ने कहीं। शास्त्री नगर स्थित बड़ा केंद्र पर बगिया में आयोजित दिव्यांग महिला सम्मेलन में बड़ी संख्या में महिलाओं ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पार्टी महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष अल्पना कुमारी ने की। सम्मेलन के दौरान स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से 13 दिव्यांग महिलाओं को स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता के लिए कुल चार लाख दस हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई।

आर्थिक सहायता प्राप्त करने वालों में सोनी गौतम, सुदेवी, रेनू सोनकर, पूजा गौतम, सोनी सोनकर, सुशीला देवी, पूजा सोनकर, कुसुम अग्निहोत्री, सोनबाला, अनी शीतल और सुमन सिंह समेत अन्य महिलाएं शामिल रहीं। संगठन पदाधिकारियों ने कहा कि सहायता राशि का उद्देश्य महिलाओं को छोटे व्यवसाय और आजीविका गतिविधियों से जोड़ना है। सम्मेलन को संबोधित करते हुए वीरेन्द्र कुमार ने कहा कि दिव्यांग महिलाओं के सामने सामाजिक और आर्थिक चुनौतियां अधिक होती हैं। ऐसे में उन्हें आत्मसम्मान के साथ आगे बढ़ने के लिए अवसर और सहयोग दोनों उपलब्ध कराना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि संगठन महिलाओं को राजनीतिक रूप से भी मजबूत बनाने के लिए काम कर रहा है और आगामी विधानसभा चुनाव में दिव्यांग महिलाओं को चुनाव मैदान में उतारने की योजना है।

महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष अल्पना कुमारी , प्रदेश अध्यक्ष आनंद तिवारी, जिला अध्यक्ष राहुल कुमार , अशोक कुमार, गोमती वर्मा, राम जानकी, साबरा खातून, किशोरी, ममता, अनुराधा गुप्ता और कुसुम अग्निहोत्री सहित कई लोगों ने विचार व्यक्त किए।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप