रोजगार मेले में नौ कम्पनियों ने 400 प्रतिभागियों का किया चयन

 


-डॉयट प्राचार्य के निर्देशन में लगा रोजगार मेला-शिक्षण संस्थाओं ने 125 से अधिक शिक्षकों का किया चयन

प्रयागराज, 29 मार्च (हि.स.)। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डॉयट) प्रयागराज एवं क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय प्रयागराज की ओर से उप शिक्षा निदेशक-प्राचार्य जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान के प्राचार्य राजेन्द्र प्रताप के मार्गदर्शन में आज डॉयट परिसर में प्लेसमेंट ड्राइव (रोजगार मेले) का आयोजन किया गया। जिसमें विभिन्न क्षेत्रों से 9 कम्पनियों ने प्रतिभाग किया, जिसमें लगभग 400 प्रतिभागियों का चयन हुआ।

इस रोजगार मेले की सबसे खास बात यह रही कि पहली बार डॉयट, प्रयागराज ने निजी क्षेत्र के प्राथमिक से माध्यमिक स्तर तक के प्रतिष्ठित विद्यालयों को रोजगार मेले में आमंत्रित किया और उनके माध्यम से बीएड, डीएलएड, टीईटी, सीटीईटी उत्तीर्ण अभ्यर्थियों की चयन प्रक्रिया संपादित हुई। केएल कॉन्वेंट बारा एवं महर्षि विद्या मंदिर मेजा जैसे सीबीएसई बोर्ड के विद्यालयों ने मेले में प्रतिभाग किया एवं योग्य शिक्षकों का अपने विद्यालयों में चयन किया।

यह जानकारी जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान डाइट प्रयागराज के प्लेसमेंट ड्राइव के प्रभारी डॉ राजेश कुमार पांडेय ने रविवार काे दी और बताया कि इस मेले में 125 से अधिक शिक्षकों का चयन इन विद्यालयों द्वारा एवं संस्थाओं ने किया। विद्यालयों के प्रधानाचार्यों ने इस प्लेसमेंट ड्राइव की सराहना करते हुए इसे और व्यापक रूप देने का सुझाव दिया गया, ताकि भविष्य में सुव्यवस्थित रूप से एक ऐसा प्लेटफ़ॉर्म तैयार हो जहां शिक्षक और विद्यालय अपनी जरूरतों के हिसाब से चयन कर सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र