कौशल विकास योजनाओं की प्रगति तेज करने के निर्देश, युवाओं को रोजगार से जोड़ने पर जोर
गोरखपुर, 09 अक्टूबर (हि.स.)। कौशल विकास मिशन के निदेशक पुलकित खरे ने शुक्रवार को विकास भवन सभागार में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर कौशल विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, प्रशिक्षण कार्यक्रमों की गुणवत्ता और निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कौशल विकास से जुड़ी योजनाओं का लाभ पात्र युवाओं तक पहुंचाने के लिए पूरी गंभीरता से कार्य किया जाए।
बैठक में युवाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण उपलब्ध कराने और उन्हें उनकी योग्यता के अनुरूप रोजगार के अवसरों से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया। कौशल विकास मिशन का उद्देश्य युवाओं को विभिन्न क्षेत्रों में प्रशिक्षित कर उन्हें रोजगार एवं स्वरोजगार के योग्य बनाना है। ऐसे में प्रशिक्षण की गुणवत्ता के साथ-साथ प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले युवाओं को रोजगार से जोड़ना भी महत्वपूर्ण है।
निदेशक पुलकित खरे ने संबंधित अधिकारियों से कहा कि कौशल विकास कार्यक्रमों के संचालन में निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाए। प्रशिक्षण केंद्रों की कार्यप्रणाली पर नजर रखी जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले युवाओं को वास्तव में संबंधित कौशल का व्यावहारिक ज्ञान मिल रहा है। प्रशिक्षण की उपयोगिता बढ़ाने के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं पर भी विशेष ध्यान दिया जाए।
उन्होंने योजनाओं की प्रगति की नियमित समीक्षा करने, कार्यों में आने वाली समस्याओं की पहचान कर उनका समय से समाधान कराने तथा विभागीय समन्वय के साथ निर्धारित लक्ष्यों को पूरा करने पर बल दिया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी न हो और शासन की मंशा के अनुरूप युवाओं को इसका लाभ मिले।
बैठक में कौशल विकास से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा करते हुए अधिकारियों को अपनी जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करने के निर्देश दिए गए। निदेशक ने स्पष्ट किया कि कौशल विकास योजनाओं की सफलता का आकलन केवल प्रशिक्षण कार्यक्रमों के संचालन से नहीं, बल्कि युवाओं को मिलने वाले वास्तविक लाभ और रोजगार के अवसरों से भी जुड़ा है।
बैठक में ज्वाईंट मजिस्ट्रेट मुकुल खंडेलवाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय