आंधी- बारिश में भी निर्वाध रूप से जारी रहेगी बिजली सप्लाई, 06 सेक्टर में डाली जा रही है एलवीसीसी लाइन

 


नोएडा, 01 अक्टूबर (हि.स.)। नोएडा के कई सेक्टरों को जल्द ही बिजली कटौती से राहत मिलने की उम्मीद है। विद्युत निगम ने सेक्टर-39, 36 और 56 के बाद अब सेक्टर-40, 12 और सेक्टर-30 में भी कंडक्टर लाइन के स्थान पर एलवीसीसी (लो वोल्टेज कवर्ड कंडक्टर) की लाइन बनाने का कार्य शुरू कर दिया है। इससे आंधी-बारिश में लोकल फॉल्ट होने का खतरा भी टल जाएगा। इसके साथ ही नए तीनों सेक्टर के 15 हजार से उपभोक्ताओं को निर्बाध आपूर्ति मिल सकेगी। इस लाइन से शहर के 37 पुराने सेक्टर के उपभोक्ताओं को लाभ मिलेगा।

शहर के अधिकांश पुराने सेक्टरों में कंडक्टर लाइन डली हुई हैं। इस कंडक्टर लाइन में दिक्कतें यह आती है कि आंधी-बारिश में लाइन के तार आपास में जुड़ जाने की वजह से स्पार्किंग होनी शुरू हो जाती है। बार-बार स्पार्किंग की वजह से लाइन में लोकल फॉल्ट हो जाता और तार टूट जाते हैं। करंट आने का खतरा भी बढ़ जाता है। इससे कई बार जनहानि और धनहानि होने का खतरा बना रहता है। इस तरह की समस्या को देखते हुए विद्युत निगम ने अब एलवीसीसी की लाइन बनाने का कार्य शुरू कर दिया है।

नोएडा शहर के विद्युत निगम के अधिकारियों के अनुसार अभी तक सेक्टर-39, 36 और 56 लाइन बनाने का कार्य किया जा रहा है। इसके साथ तीन नए सेक्टर-30, 12 और सेक्टर-40 में भी एलवीसीसी की लाइन बनाने का कार्य शुरू कर दिया है। बारिश बंद होने के बाद अब नए तीनों सेक्टर में तेजी से कार्य शुरू हो गया है। इन छह सेक्टर में यह कार्य पूरा होने के बाद शहर के अन्य सेक्टरों में एलवीसीसी की लाइन बनाने का कार्य किया जाएगा। विद्युत निगम ने सालभर में सभी पुराने 37 सेक्टरों में एलवीसीसी की लाइन बनाने का लक्ष्य रखा है। इस लाइन की खासियत यह है कि यह कंडक्टर लाइन की तुलना में अधिक मजबूत है। इसके आपास में जुड़ने के बाद भी फॉल्ट नहीं होगा। जिले के 37 सेक्टर के करीब ढ़ाई लाख उपभोक्ताओं को निर्बाध आपूर्ति मिल सकेगी।

विद्युत निगम के अधिकारियों के अनुसार सेक्टर-11, 12, 14, 15, 15ए, 17, 19, 20, 21, 22, 23, 26, 27, 28, 29, 30, 31, 33, 34, 35, 36, 37, 39, 40, 41, 44, 45, 46, 48, 49, 50, 51, 52, 53, 55, 56 और सेक्टर-61 आदि में कंक्टर लाइन के स्थान पर एचवीसीसी और एलवीसीसी की लाइन डाली जाएगी।

अधीक्षण अभियंता (तकनीकी) विद्युत निगम विवेक कुमार पटेल ने बताया कि ''बिजली उपभोक्ताओं को निर्बाध आपूर्ति देने के लिए एचवीसीसी और एलवीसीसी की लाइन बनाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। इससे पुराने सेक्टर के उपभोक्ताओं को निर्बाध आपूर्ति में मदद मिलेगी। अभी छह आवासीय सेक्टर में नई लाइन बनाने का कार्य किया जा रहा है।'

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी