फर्राटा पंखे में उतरे करंट की चपेट में आने से किशोर की मौत, मां झुलसी
औरैया, 24 अगस्त (हि. स.) । उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बेरी कपरिया में सोमवार दोपहर घर में रखे फर्राटा पंखे से करंट लगने से मां-बेटा गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे में 17 वर्षीय किशोर की मौत हो गई, जबकि उसकी मां को गंभीर हालत में औरैया के सौ बेड अस्पताल के लिए रेफर किया गया है।
पुलिस के अनुसार, सोमवार को करीब 12:30 बजे सूचना मिली कि ग्राम बेरी कपरिया निवासी गंगू उर्फ रजत शर्मा (17) और उसकी मां प्रेमा देवी (45) पत्नी गांधी लाल को घर में रखे फर्राटा पंखे से अचानक करंट लग गया। परिजन आनन-फानन में दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अजीतमल लेकर पहुंचे।
अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद रजत शर्मा को मृत घोषित कर दिया। वहीं, उसकी मां प्रेमा देवी की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद अग्रिम उपचार के लिए 100 बेड अस्पताल, औरैया रेफर कर दिया गया।
क्षेत्राधिकारी मनोज गंगवार ने बताया कि परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया। आवश्यक कार्यवाही करते हुए शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया।
उपजिलाधिकारी निखिल राजपूत ने बताया कि करंट लगने से मौत हुई है। बिजली विभाग (एसडीओ ) को भी जांच आख्या देने के लिए कहा गया है। पूरे मामले की जांच के आधार पर जो भी संभव मदद होगी वह मदद की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार