पंखा ठीक करते समय व्यक्ति काे लगा बिजली का करंट, मौत

 


नोएडा, 23 सितंबर (हि.स.)। थाना फेस -वन क्षेत्र के हरौला गांव में रहने वाले एक व्यक्ति को उस समय बिजली का करंट लग गया जब वह अपने घर पर लगे हुए सीलिंग फैन को ठीक कर रहे थे। इस घटना में उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

थाना फेस -वन के प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार शर्मा ने बुधवार काे बताया कि हरौला गांव में रहने वाले जगदीश (50) पुत्र रामदयाल उम्र 52 वर्ष अपने घर में लगे हुए छत के पंख को ठीक कर रहे थे। तभी उन्हें बिजली का करंट लग गया। इस घटना में वह गंभीर रूप से झुलस गए। उनको उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां पर बुधवार की रात के समय उनकी मौत हो गई है। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक के परिजनों ने पूछताछ के दौरान पुलिस को बताया कि वह पंखा ठीक कर रहे थे, तभी बिजली का करंट लग गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी