विद्युत विभाग की लापरवाही से हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से युवक की मौत
-गुस्साए परिजनों व ग्रामीणों ने सौंख-मथुरा मार्ग पर 4 घंटे लगाया जाम-दिव्यांग भाई को संविदा नौकरी, आर्थिक मदद और जेई पर मुकदमे के आश्वासन पर खुला रास्ता
मथुरा, 30 सितम्बर(हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में थाना मगोर्रा क्षेत्र अंतर्गत सौंख क्षेत्र स्थित गांव बोरपा में बुधवार सुबह विद्युत विभाग की गंभीर लापरवाही के चलते एक बड़ा हादसा हो गया। सुबह करीब 8 बजे खेत की ओर जा रहे 20 वर्षीय रूपेश की 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई। ग्रामीणों का आरोप है कि बिजली के तार लंबे समय से काफी नीचे झूल रहे थे, जिसकी शिकायत के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई।
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर नगला भूरिया सौंख-मथुरा मार्ग पर जाम लगा दिया, जिससे वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। मौके पर पहुंचे गोवर्धन ब्लॉक प्रमुख चौधरी विपिन सिंह, रालोद जिलाध्यक्ष प्रीतम सिंह और प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन परिजन जिलाधिकारी को मौके पर बुलाने, दोषी जेई पर कार्रवाई और परिवार को मुआवजा देने की मांग पर अड़े रहे।
लगभग चार घंटे तक चले कड़े विरोध-प्रदर्शन के बाद प्रशासनिक अधिकारियों सीओ मथुरा प्रवीण तिवारी, तहसीलदार व मगाेर्रा थानाध्यक्ष विनीत, दुष्यंत के आश्वासन पर सहमति बनी। अधिकारियों ने मृतक के दिव्यांग भाई अजीत को संविदा पर नौकरी, आर्थिक सहायता और संबंधित जेई पर मुकदमा दर्ज कर विभागीय कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद परिजनों ने जाम खोला।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की कानूनी जांच शुरू कर दी है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि बिजली विभाग समय रहते लटकते जर्जर तारों को दुरुस्त कर देता, तो रूपेश की जान बचाई जा सकती थी।---------------
हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार