परिवहन कर्मचारी संघ चुनाव : गणेश दत्त अध्यक्ष व दीपक मंत्री निर्वाचित
जौनपुर,19 मार्च (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में सहायक संभागीय परिवहन कर्मचारी संघ (उ.प्र.) जनपद शाखा जौनपुर का द्विवार्षिक चुनाव सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी कार्यालय परिसर में गुरुवार को सम्पन्न हुआ। सभी पदों पर सर्वसम्मति से निर्विरोध निर्वाचन होने पर कार्यक्रम में उत्साह का माहौल रहा। निर्वाचन प्रक्रिया की अध्यक्षता डॉ. प्रदीप सिंह ने की, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में राकेश कुमार श्रीवास्तव एवं रामकृष्ण पाल मौजूद रहे।
चुनाव में गणेश दत्त मिश्र को जिलाध्यक्ष, दीपक कुमार श्रीवास्तव को जिला मंत्री, मो. आरिफ को उपाध्यक्ष, राजेश कुमार श्रीवास्तव को संगठन मंत्री तथा धर्मेंद्र को जिला कोषाध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। घोषणा के बाद नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया तथा उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई।
डॉ. प्रदीप सिंह ने कहा कि वर्तमान संघर्ष वर्ष में कर्मचारियों की लम्बित मांगों को पूरा कराने के लिए संगठित प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने आठवें वेतन आयोग के लाभ, पुरानी पेंशन योजना की बहाली, निजीकरण के विरोध तथा आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के लिए उचित पारिश्रमिक जैसे मुद्दों पर आंदोलन तेज करने की बात कही। इस अवसर पर एआरटीओ जौनपुर सत्येंद्र कुमार सिंह, आरआई टेक्निकल अशोक यादव, गिरिजेश सिंह, प्रमोद शर्मा, अजय लाल मौर्य, डॉ. जयप्रकाश सहित अनेक कर्मचारी एवं अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन रामकृष्ण पाल ने किया।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव