राजनीतिक भागीदारी के लिए चुनाव लड़ेगी राष्ट्रीय दिव्यांग पार्टी, जनता से वोट मांगेगी : वीरेन्द्र कुमार
कानपुर,01 जुलाई (हि.स.)। दिव्यांगजनों को राजनीतिक भागीदारी दिलाने और उनके अधिकारों की लड़ाई को तेज करने के लिए राष्ट्रीय दिव्यांग पार्टी ने चुनाव लड़ने का निर्णय लिया है। पार्टी आम जनता से अपने प्रत्याशियों के लिए वोट मांगेगी और दिव्यांगजन अधिनियम-2016 को प्रभावी ढंग से लागू कराने के लिए आंदोलन भी चलाएगी। यह बातें बुधवार को राष्ट्रीय दिव्यांग पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष वीरेन्द्र कुमार ने कहीं।
राष्ट्रीय दिव्यांग पार्टी के प्रांतीय अधिवेशन में राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने, दिव्यांगजनों के लिए रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा, आवास तथा पांच हजार रुपये मासिक पेंशन की मांग को लेकर आंदोलन तेज करने का निर्णय लिया गया। साथ ही प्रदेश कार्यकारिणी का विस्तार करते हुए महोबा निवासी मुकेश कुमार को प्रदेश महासचिव बनाया गया।
बैठक में यह भी तय किया गया कि 5 जुलाई को दिल्ली के जंतर-मंतर पहुंचकर सीजेपी के आंदोलन को समर्थन दिया जाएगा। इसके बाद प्रदेशभर में जिला स्तर पर एक दिवसीय सांकेतिक अनशन भी आयोजित किए जाएंगे।
राष्ट्रीय अध्यक्ष वीरेन्द्र कुमार ने कहा कि दिव्यांगजन आज भी बुनियादी सुविधाओं और अधिकारों से वंचित हैं। जब तक उन्हें राजनीतिक भागीदारी नहीं मिलेगी, तब तक उनकी समस्याओं का स्थायी समाधान संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि इस बार पार्टी कमजोर वर्ग की आवाज को मजबूत बनाने के लिए जनता से वोट का समर्थन मांगेगी।
विशिष्ट अतिथि एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष धनराज नीना गायकवाड़ ने कहा कि दिव्यांगजनों को सम्मानजनक जीवन और राजनीतिक भागीदारी मिलनी चाहिए। प्रदेश अध्यक्ष आनंद तिवारी ने कहा कि पार्टी अब अपने अधिकारों के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी और उत्तर प्रदेश में अगामी विधानसभा चुनाव के लिए जल्द प्रत्याशियों की घोषणा की जाएगी।
अधिवेशन में महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष अल्पना कुमारी, प्रदेश महासचिव मुकेश कुमार, मंडल अध्यक्ष अशोक कुमार, जिला अध्यक्ष राहुल कुमार, गुड्डी दीक्षित, वैभव दीक्षित, गौरव कुमार, गोमती वर्मा, राम जानकी, किशोरी, आशीष कुमार, सरला, सांबरा खातून, सोनी कुमारी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
---------------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप