भाजपा कार्यकर्ताओं ने पार्को में मार्निंग वॉक करने आये लोगों को बांटा पत्रक

 


लखनऊ, 13 मई (हि.स.)। लखनऊ के लोहिया पार्क एवं बोटेनिकल गार्डन में मॉर्निंग वॉक करने आये लोगों में भाजपा के कार्यकर्ताओं ने पत्रक का वितरण किया। भाजपा के कार्यकर्ताओं को अपने बीच देखकर लोगों ने हाथ मिलाकर उनका अभिनंदन किया। इस दौरान पत्रक का वितरण कर कार्यकर्ताओं ने लोकसभा प्रत्याशी राजनाथ सिंह को मत देने की अपील की।

लखनऊ लोकसभा सीट पर भाजपा प्रत्याशी राजनाथ सिंह के लिए प्रचार कर रहे भाजपा नेता रामकृष्ण यादव ने लोगों से कहा कि लखनऊ में तमाम विकास कार्य होते हुए दिखायी दे रहे हैं। विकास कार्यो में तेजी आयेगी। लोगों की जरुरतों को देखते हुए पार्को की सफाई से लेकर ऊपरीगामी सेतु के निर्माण कार्य तक प्रत्येक कार्यो को पूरा किया गया है।

उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार में स्वच्छता अभियान चलाया गया। पार्को की स्वच्छता पर भी जोर दिया गया। लखनऊ के पार्को में आज कहीं पर गंदगी नहीं मिलती है। लोगों की जरुरतों का ध्यान रखकर सड़क, बिजली, साफ पानी की व्यवस्थाओं को भाजपा की सरकार ने कराया है। हम विश्वास दिलाते है कि विकास कार्य में कोई कमी नहीं होने दी जायेगी।

भाजपा की ओर से एमएलसी मुकेश, मध्य विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी रजनीश सहित कई कार्यकर्ताओं ने पार्को में प्रचार पत्रक का वितरण किया। मॉर्निंग वॉक करने आये लोगों ने अपनी क्षेत्र की समस्याओं की भाजपा नेताओं से चर्चा की और चुनाव के बाद पुन: मिलकर कार्यो को कराने का वायदा लिया।

हिन्दुस्थान समाचार/ शरद/बृजनंदन