आकाशीय बिजली गिरने से वृद्धा की मौत, हलिया में एक महिला झुलसी

 


मीरजापुर, 05 जुलाई (हि.स.)। जिले में रविवार को हुई बारिश के दौरान आकाशीय बिजली कहर बनकर गिरी। चुनार कोतवाली क्षेत्र में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से एक वृद्ध महिला की मौत हो गई, जबकि हलिया थाना क्षेत्र में एक महिला गंभीर रूप से झुलस गई। उसका निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है।

चुनार कोतवाली क्षेत्र की कस्बा पुलिस चौकी अंतर्गत सेटलमेंट एरिया परेड ग्राउंड के पास रहने वाली 72 वर्षीय चंद्रावती देवी पत्नी भगेलू यादव रविवार दोपहर पशुओं के लिए चारा काटने गई थीं। इसी दौरान बारिश शुरू हो गई। घर लौटते समय वह आकाशीय बिजली की चपेट में आ गईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही परिजन उन्हें तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चुनार लेकर पहुंचे, जहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉ. एस.पी. गुप्ता ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतका के परिवार में एक पुत्र और तीन पुत्रियां हैं। उनका पुत्र अमरेश यादव बीएसएफ में जम्मू में तैनात है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

एसडीएम राजेश कुमार वर्मा ने बताया कि महिला की मृत्यु आकाशीय बिजली गिरने से हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आपदा प्रबंधन राहत कोष से नियमानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। वहीं कोतवाल विजय शंकर सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

उधर, हलिया थाना क्षेत्र के बैधा गांव निवासी गिरजा शंकर की 28 वर्षीय पत्नी हीरावती रविवार दोपहर उमस से राहत पाने के लिए घर के बरामदे में बैठी थीं। इसी दौरान बूंदाबांदी शुरू हुई और घर से करीब 100 मीटर दूर एक पेड़ पर आकाशीय बिजली गिर गई। इसकी चपेट में आने से हीरावती गंभीर रूप से झुलस गईं और अचेत होकर गिर पड़ीं। परिजनों ने उन्हें तत्काल पिपरा बाजार स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा