बिजली के तार गिरने से झोपड़ी में जिंदा जल गई पत्नी, पति गंभीर रूप से झुलसा
बांदा, 15 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा के गिरवां थाना क्षेत्र के हुसैनपुर खुर्द गांव में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। हाईटेंशन बिजली लाइन का तार टूटकर सड़क किनारे बनी छानी पर गिर गया, जिससे भीषण आग लग गई। हादसे में अंदर सो रही 52 वर्षीय महिला सुनीता पत्नी गणेश प्रसाद की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से झुलस गया।
बताया जा रहा है कि गणेश प्रसाद सड़क किनारे पंचर की दुकान चलाकर उसी छानी में पत्नी के साथ रहता था। मंगलवार की रात अचानक ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर छानी पर गिर पड़ा, जिससे चिंगारी उठी और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया।
आग की लपटें और शोर सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे किसान मौके पर दौड़ पड़े और तत्काल दमकल विभाग को सूचना दी। दमकल टीम के पहुंचने तक आग ने पूरी छानी और गृहस्थी का सामान जलाकर राख कर दिया। आग बुझाने के बाद अंदर से महिला का जला हुआ शव बरामद हुआ।
घटना में गंभीर रूप से झुलसे गणेश प्रसाद को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
मृतका के पड़ोसी मुशीर अहमद के अनुसार, गणेश प्रसाद मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। उसके तीन बेटे हैं, जो गांव में रहते हैं।
इस संबंध में क्षेत्राधिकारी नरैनी कृष्णकांत त्रिपाठी ने बुधवार को बताया कि 14/15 अप्रैल 2026 की रात सूचना मिली थी कि शॉर्ट सर्किट से घर में आग लग गई है। पुलिस और फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर दोनों को बाहर निकाला, लेकिन महिला की गंभीर जलने से मृत्यु हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह