रोडवेज बस की टक्कर से बुजुर्ग की मौत, अगले दिन भाई ने की पहचान
कानपुर, 16 अगस्त (हि.स.)। कल्याणपुर थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर सड़क पार कर रहे बुजुर्ग को तेज रफ्तार रोडवेज बस ने टक्कर मार दी थी। हादसे में गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई थी। देर रात तक पहचान नहीं होने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हाउस की मोर्चरी में रखवा दिया। रविवार को परिजनों ने शव की पहचान राकेश यादव (56) के रूप में की।
राकेश यादव कल्याणपुर के इंद्रा नगर निवासी थे और घर पर रहकर परिवार की जिम्मेदारी संभालते थे। उनके बड़े भाई राजेश यादव ने बताया कि परिवार में छह भाई हैं। शनिवार सुबह राकेश को रुपये देकर कल्याणपुर बाजार से सब्जी लाने के लिए भेजा गया था। इसके बाद वह घर वापस नहीं लौटे।
इसी दौरान तेज गति से आ रही रोडवेज बस ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना गंभीर था कि राकेश ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन तत्काल सफलता नहीं मिली। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम हाउस की मोर्चरी में रखवा दिया गया। देर शाम तक राकेश के घर नहीं पहुंचने पर परिवार के लोग परेशान हो गए और उनकी तलाश शुरू कर दी।
आज परिजन गुमशुदगी की सूचना देने कल्याणपुर थाने पहुंचे। पुलिस ने उन्हें अज्ञात शव की फोटो दिखाई तो बड़े भाई राजेश ने उसकी पहचान राकेश के रूप में कर ली। इसके बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।
पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कल्याणपुर थाना प्रभारी केशव कुमार तिवारी ने बताया कि मृतक के भाई राजेश यादव की तहरीर पर रोडवेज बस चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस हादसे की जांच के साथ बस चालक के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप