ट्रैक्टर निकालने के विवाद में बुजुर्ग की मौत, धक्का देने का आरोपित हिरासत में

 


औरैया, 30 अप्रैल (हि. स.)। उत्तर प्रदेश औरैया जिले के अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के गोहानी खुर्द गांव में गुरुवार सुबह प्लाट से ट्रैक्टर निकालने के मामूली विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। विवाद में जमीन पर गिरने से 70 वर्षीय बुजुर्ग लज्जाराम की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है और मृतक के परिजनों में गहरा शोक व्याप्त है। पुलिस ने धक्का देने के आराेप में एक व्यक्ति काे हिरासत में लिया है।

जानकारी के अनुसार गोहानी खुर्द गांव के ही एक व्यक्ति ने लज्जाराम के मकान के पास एक प्लॉट खरीदा था। इस प्लॉट पर खूंटा गाड़ने को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। आरोप है कि लज्जाराम अक्सर लगाए गए खूंटों को उखाड़ देते थे, जिससे दोनों के बीच तनातनी रहती थी। गुरुवार सुबह पड़ोसी अपने प्लॉट से ट्रैक्टर निकाल रहा था। इसी दौरान रास्ते में लगे टूटे खूंटे को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि पड़ोसी ने कथित रूप से लज्जाराम को धक्का दे दिया। धक्का लगने से वह गिर पड़े और खूंटे से टकराकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अजीतमल ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक की पत्नी ज्ञानवती और उनके पुत्र प्रेम बहादुर, वीर बहादुर, इंद्र बहादुर व सुखवीर का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना पर पहुंचे सीओ सिटी अशोक कुमार ने बताया कि मृतक के दाहिने घुटने के नीचे चोट का निशान पाया गया है। उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों के बीच जमीन को लेकर पुराना विवाद था। पुलिस ने आरोपी अरविंद सविता को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार