बहराइच : बरामदे में सो रहे बुजुर्ग को तेंदुए ने बनाया शिकार, गांव में दहशत

 


बहराइच, 18 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के ककरहा रेंज अंतर्गत मुर्तिहा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत लोधन पुरवा में शनिवार तड़के तेंदुए के हमले में 88 वर्षीय बुजुर्ग राम यादव की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि वन विभाग ने गश्त बढ़ाने और पीड़ित परिवार को सहायता दिलाने का आश्वासन दिया है।

जानकारी के अनुसार, राम यादव शनिवार सुबह करीब चार बजे अपने घर के बरामदे में सो रहे थे। इसी दौरान एक तेंदुआ घर में घुस आया और उन पर हमला कर उन्हें घसीटते हुए बाहर ले जाने लगा। बुजुर्ग की चीख-पुकार सुनकर उनका पौत्र सूरज यादव और परिवार के अन्य सदस्य लाठी-डंडे लेकर दौड़े। लोगों के शोर मचाने पर तेंदुआ राम यादव को छोड़कर जंगल की ओर भाग निकला।

तेंदुए के हमले में राम यादव का गला गंभीर रूप से जख्मी हो गया। परिजन उन्हें तत्काल मिहींपुरवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने प्रारम्भिक जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। प्रभागीय वनाधिकारी अपूर्व दीक्षित ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को नियमानुसार शीघ्र आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी तथा तेंदुए की गतिविधियों को देखते हुए क्षेत्र में वन कर्मियों की गश्त बढ़ा दी गई है।

उधर, ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार तेंदुए की मौजूदगी से लोग भयभीत हैं। उन्होंने वन विभाग से तेंदुए को जल्द पकड़ने और गांव में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / ANURAG GUPTA