ट्रैक्टर की टक्कर से बुजुर्ग किसान की मौत, चालक पर मुकदमा दर्ज

 


हमीरपुर, 02 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के मुस्करा कस्बे में मंडी में गेहूं बेचने गए किसान की ट्रैक्टर की टक्कर से मौत हो गई। पुलिस ने गुरुवार को तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर चालक की तलाश शुरू कर दी है।

मुस्करा थाना क्षेत्र के अलरा गांव निवासी लल्लू सिंह (60) पिछले दिनों गेहूं बेचने मुस्करा की मंडी गया था। मंडी से वापस लौटते समय तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उसे टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन गंभीर हालत में लल्लू सिंह को सीएचसी में भर्ती कराया। जहां हालत नाजुक होने पर उसे झांसी मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया। परिजनों ने बताया कि इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

गुरुवार को शव गांव आते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक के पुत्र शिव कुमार की तहरीर पर आज पुलिस ने ट्रैक्टर चालक मयंक राजपूत के खिलाफ मुकदमा लिखाया है। थाना प्रभारी योगेश तिवारी ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर चालक की तलाश कराई जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा