कानपुर में बंद रेलवे फाटक पार करने के दौरान बुजुर्ग की मौत

 


कानपुर, 17 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में कल्याणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बीती देर रात बंद रेलवे फाटक को पार करने की कोशिश में साइकिल सवार बुजुर्ग की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पड़ताल में जुट गई है।

मृतक बुजुर्ग की पहचान काकादेव थाना क्षेत्र के हितकारी नगर निवासी रामनरेश मिश्रा (70) के रूप में हुई। परिवार में पत्नी बीना और दो बेटियां निष्ठा और रुचि हैं। परिजनों ने बताया कि सोमवार रात वह कल्याणपुर के गोवा गार्डन स्थित छोटी बेटी रुचि के ससुराल गए थे। वापसी के दौरान रेलवे फाटक बंद था। उसे पर करने के एवज में वह रावतपुर की ओर से आ रही पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आ गये। उनकी मौत हो गई। मौके ओर मौजूद लोगों ने घटना की सूचना डायल 112 के जरिये पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को सूचित करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। कल्याणपुर थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि रेलवे फाटक बंद था। जल्दबाजी के चक्कर में बुजुर्ग की मौत हो गयी। मामले में अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप