(अपडेट) मथुरा : रोडवेज बस ने बाइक सवार बुजुर्ग दंपति को रौंदा, दोनों की मौत व नातिन गंभीर
5 साल की नातिन आईसीयू में जिंदगी और मौत से जूझ रही
मथुरा, 24 जुलाई (हि.स.) । उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में थाना हाईवे क्षेत्र अंतर्गत आगरा-दिल्ली नेशनल हाईवे के नवादा चौराहे पर शुक्रवार दोपहर बाइक सवार बुजुर्ग दम्पति और उनकी पांच वर्षीय नातिन को रोडवेज बस ने कुचल दिया। हादसे में दम्पति की मौके पर ही मौत हो गई , जबकि उनकी मासूम नातिन गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसका उपचार वर्तमान में आईसीयू में चल रहा है। हादसे के बाद बस चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है तथा शवों को पोस्टमार्टम गृह भेजा है।
हाईवे थाना प्रभारी प्रशांत कपिल ने बताया कि थाना फरह क्षेत्र के ग्राम बेरी निवासी मूलचंद (60) अपनी पत्नी मंजू देवी (56) और अपनी 5 वर्षीय नातिन मीना के साथ शुक्रवार दोपहर मोटरसाइकिल पर सवार होकर नवादा चौराहे के पास जोड़ों के दर्द की दवा लेने आए थे। इसी दौरान आगरा की ओर से आ रही मथुरा डिपो की रोडवेज बस ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी जिससे बाइक सवार दंपति की मौके पर मौत हो गई और उनकी नातिन मीना सड़क पर गिर गई। दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ लग गयी। घटना की सूचना मिलते ही हाईवे थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। दुर्घटना में घायल बच्ची मीना को इलाज के लिये अस्पताल ले जाया गया जहां उसकी हालत गंभीर होने पर उसको आईसीयू में रखा गया है। दुर्घटना के बाद कुछ समय के लिए हाईवे पर जाम की स्थिति बन गई, जिसे पुलिस ने सुचारु कराया। पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की है।
हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार