रोटावेटर की चपेट में आने से आठ वर्षीय बालक की मौत, चालक पर मुकदमा दर्ज

 






जौनपुर, 10 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के मुंगराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के मधुपुर गांव में शनिवार सुबह खेत की जुताई के दौरान रोटावेटर की चपेट में आने से आठ वर्षीय बालक की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजन ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग पर अड़ गए और करीब छह घंटे तक शव पुलिस को नहीं सौंपा। अधिकारियों के समझाने और मुकदमा दर्ज होने के बाद परिजन पोस्टमार्टम के लिए राजी हुए।

मधुपुर गांव निवासी विनोद सरोज का बेटा नितेश सरोज गांव के प्राथमिक विद्यालय में कक्षा तीन का छात्र था। शनिवार सुबह वह बकरियां चराने निकला था। इसी दौरान गांव के संतलाल यादव राधेश्याम उमर वैश्य के खेत में ट्रैक्टर से रोटावेटर चलाकर जुताई कर रहे थे। बकरियां चराते समय नितेश खेत में पहुंच गया और रोटावेटर की चपेट में आ गया। गंभीर रूप से घायल होने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही परिजन बदहवास होकर खेत की ओर दौड़े। बेटे का शव देखकर मां किरन सरोज सहित परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। नितेश परिवार का सबसे बड़ा बेटा था। उसकी छह वर्षीय बहन मुस्कान और पांच वर्षीय भाई राकेश के सिर से बड़े भाई का साया उठ गया।

हादसे के बाद परिजन ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग करते हुए शव देने को तैयार नहीं थे। सूचना पर सीओ परमानंद कुशवाहा सहित पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। अपना दल नेता बृजमणि पटेल, आजाद समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष एसपी मानव, मिथिलेश पासी और सामाजिक कार्यकर्ता भी वहां पहुंचे। करीब छह घंटे तक चली पंचायत के बाद परिजन मान गए।

पुलिस ने ट्रैक्टर चालक संतलाल यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। इस संबंध में क्षेत्राधिकार परमानंद कुशवाहा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है । ट्रैक्टर चालक के खिलाफ परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया है।मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव