दिव्यांगों की समस्याओं का समाधान कराने का होगा प्रयास : वीरेन्द्र कुमार
कानपुर, 08 मार्च (हि.स.)। दिव्यांगजनों को पेंशन, रोजगार, आवास और अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ पाने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। शिविर के माध्यम से मिली शिकायतों को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाकर उनके समाधान का प्रयास किया जाएगा। यह बातें रविवार को राष्ट्रीय दिव्यांग पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष वीरेन्द्र कुमार ने कहीं।
राष्ट्रीय दिव्यांग पार्टी की ओर से शास्त्री नगर स्थित बड़ा सेंट्रल पार्क बगिया, गेट नंबर- चार में दिव्यांगजनों की समस्याओं को लेकर एक शिविर आयोजित किया गया। शिविर में करीब 103 दिव्यांगजनों ने पहुंचकर अपनी-अपनी समस्याएं दर्ज कराईं। दूर-दराज से आए लोगों ने दिव्यांग उत्पीड़न, पेंशन, रोजगार के लिए ऋण, आवास, आय प्रमाण पत्र और रेलवे यूनिक कार्ड न बनने से जुड़ी शिकायतें सामने रखीं।
शिविर में मौजूद पदाधिकारियों ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों से संपर्क कर समाधान कराने का भरोसा दिलाया। वीरेन्द्र कुमार ने कहा कि कई दिव्यांगजन सरकारी योजनाओं की जानकारी के अभाव या प्रक्रियाओं की जटिलता के कारण लाभ से वंचित रह जाते हैं। ऐसे शिविरों के माध्यम से उनकी समस्याओं को सामने लाकर समाधान कराने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि यदि किसी दिव्यांग व्यक्ति को किसी भी प्रकार की समस्या हो तो वह शास्त्री नगर स्थित बड़ा सेंट्रल पार्क बगिया, गेट नंबर-4 में कार्यदिवस के दौरान संपर्क कर सकता है। इस दौरान शिविर में राहुल कुमार, अल्पना कुमारी, अरविन्द सिंह, गुड्डी दीक्षित, वैभव दीक्षित, गोमती वर्मा, गौरव कुमार और ओम प्रकाश दास सहित अन्य लोग मौजूद रहे।--------------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप