शिक्षा की अलख जगाने के लिए निकली जागरूकता रैली
फर्रुखाबाद,01 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में शिक्षा के प्रसार एवं अधिकाधिक बच्चों का नामांकन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बुधवार को “स्कूल चलो अभियान” का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट परिसर से जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
रैली में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों/कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली के दौरान “सब पढ़ें, सब बढ़ें”, “हर बच्चा स्कूल जाए” जैसे नारों के माध्यम से लोगों को शिक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा प्रत्येक बच्चे का मौलिक अधिकार है। कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे, इसके लिए सभी विभाग समन्वय बनाकर कार्य करें। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों का नियमित रूप से विद्यालय में नामांकन कराएं तथा उन्हें स्कूल भेजें।
मुख्य विकास अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सहित अन्य अधिकारियों ने भी अभियान की सफलता के लिए अपने-अपने विचार व्यक्त किए और सभी से सक्रिय सहयोग की अपील की।
कार्यक्रम के अंत में रैली नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए वापस निर्धारित स्थल पर सम्पन्न हुई। प्रशासन की ओर से अभियान को सफल बनाने के लिए व्यापक स्तर पर जनजागरूकता कार्यक्रम संचालित किए जाने की बात कही।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar