शिक्षा से ही बच्चों का भविष्य हाेगा उज्ज्वल : पूनम गिडवानी

 


कानपुर, 16 मार्च (हि.स.)। समाज के विकास में शिक्षा की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है और जरूरतमंद बच्चों को सहयोग व प्रोत्साहन मिल जाए तो वे भविष्य में बेहतर मुकाम हासिल कर सकते हैं। इसी उद्देश्य से सामाजिक संस्थाएं समय-समय पर विद्यार्थियों के सहयोग के लिए आगे आती रहती हैं। यह बातें सोमवार को सिंध क्लब की सदस्य पूनम गिडवानी ने कहीं।

आचार्य नगर स्थित रविन्द्र विद्या जूनियर हाईस्कूल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सिंध क्लब की ओर से विद्यालय के विद्यार्थियों को पढ़ाई से जुड़ी सामग्री वितरित की गई। इस अवसर पर बच्चों को टॉवल, कॉपी, पेन और बिस्किट बॉक्स सहित अन्य आवश्यक सामग्री दी गई।

कार्यक्रम के दौरान क्लब की अध्यक्षा ममता लाल चंदानी ने भी बच्चों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है जो बच्चों के जीवन को नई दिशा दे सकती है। उन्होंने विद्यार्थियों को मन लगाकर पढ़ाई करने और आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

इस दौरान विद्यालय के लगभग 60 विद्यार्थियों को सामग्री प्रदान की गई। कार्यक्रम में बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला और उन्होंने क्लब के सदस्यों का आभार व्यक्त किया। क्लब के सदस्यों ने कहा कि आगे भी इसी तरह जरूरतमंद बच्चों के लिए शिक्षा से जुड़े सहयोगात्मक कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि अधिक से अधिक बच्चों को लाभ मिल सके।

इस अवसर पर सिंध क्लब की मनीषा डोडवानी, राशि निटलानी, सूरज आहूजा, कनिका गुनानी, प्रीत चावला, संगीता, बबीता, मानसी, विधि और हिमांशी सहित अन्य सदस्य मौजूद रहीं।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप