'शिक्षा आपके द्वार' से वंचित वर्ग तक पहुंचेगी शिक्षा, महिलाओं और किशोरियों को भी मिलेगा लाभ : डॉ. वंदना पाठक

 


कानपुर, 05 सितंबर (हि.स.)। शिक्षक दिवस पर इससे बेहतर गुरु दक्षिणा नहीं हो सकती। जब शिक्षा द्वार तक पहुंचेगी, तभी वंचित वर्ग सशक्त होंगे। यह पहल विशेष रूप से महिलाओं और किशोरियों के लिए नई उम्मीद बनेगी। यह बातें शनिवार को नीमा वूमेन फोरम, उत्तर प्रदेश की सचिव डॉ. वंदना पाठक ने कहीं।

छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ बिजनेस मैनेजमेंट में शिक्षक दिवस के अवसर पर विश्वविद्यालय एलुमनाई एसोसिएशन ने स्कूल ऑफ बिजनेस मैनेजमेंट एवं कैंपस एलुमनाई एसोसिएशन के सहयोग से सामाजिक पहल ‘शिक्षा आपके द्वार’ का शुभारंभ किया। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र डॉ. उमेश पालीवाल, विशिष्ट अतिथि डॉ. वंदना पाठक और संकायाध्यक्ष प्रो. अंशु यादव ने पहल का शुभारंभ किया।

मुख्य अतिथि डॉ. उमेश पालीवाल ने कहा कि एलुमनाई का दायित्व है कि विश्वविद्यालय से प्राप्त ज्ञान को समाज को लौटाया जाए। ‘शिक्षा आपके द्वार’ सही मायने में शिक्षा के लोकतंत्रीकरण की दिशा में पहल है।

डॉ. वंदना पाठक ने कहा कि नीमा वूमेन फोरम की ओर से इस मुहिम को हर संभव सहयोग दिया जाएगा। एलुमनाई एसोसिएशन का यह प्रोजेक्ट ‘सर्वे भवन्तु शिक्षितः’ के संकल्प को साकार करने में मदद करेगा।

प्रो. अंशु यादव ने कहा कि विश्वविद्यालय केवल डिग्री देने वाला संस्थान नहीं, बल्कि सामाजिक परिवर्तन का केंद्र भी है। निदेशक एसबीएम प्रो. सुधांशु पांडया ने सभी एलुमनाई को इस कार्य के लिए बधाई दी। प्रो. सुदेश श्रीवास्तव ने पहल को सराहनीय बताया।

प्रोजेक्ट लीडर एवं समन्वयक डॉ. सिधांशु राय ने बताया कि ‘शिक्षा आपके द्वार’ का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति, युवाओं और छात्र-छात्राओं तक शिक्षा की रोशनी पहुंचाना है, जो किसी कारणवश मुख्यधारा की शिक्षा से वंचित रह जाते हैं। परियोजना के तहत पूर्व एवं वर्तमान विद्यार्थियों के सहयोग से लोगों को साक्षर बनाने के साथ जागरूक, प्रेरित करने और उनके सर्वांगीण विकास पर काम किया जाएगा।

सह-समन्वयक डॉ. विवेक सचान ने कहा कि शैक्षिक संस्थान का सामाजिक दायित्व होता है, जिसमें शिक्षा के साथ सामाजिक विकास भी शामिल है। उन्होंने इस पहल से जुड़े पूर्व एवं वर्तमान विद्यार्थियों को बधाई दी।

कार्यक्रम का संचालन अपेक्षा, वरदान एवं वर्तमान विद्यार्थियों ने किया। इस दौरान डॉ. अर्पणा कटियार, डॉ. वारशी सिंह, डॉ. चारू खान, मुकेश अग्रवाल समेत बड़ी संख्या में पूर्व छात्र, शिक्षक एवं विद्यार्थी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप