ईडी ने रामपुर जेल में पूर्व मंत्री आजम खान से की पूछताछ

 


रामपुर, 13 अक्टूबर (हि.स.)। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की चार सदस्यीय टीम ने मंगलवार को समाजवादी पार्टी सपा (सपा) नेता और पूर्व मंत्री आजम खां से रामपुर जेल में कई घंटे पूछताछ की है। इससे पहले इस प्रकरण में सपा विधायक नसीर अहमद खान समेत कई लोगों से पूछताछ की थी।

जानकारी मिली है कि लखनऊ से ईडी की टीम मंगलवार सुबह रामपुर जेल पहुंची है। यहां पर कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के पूर्व मंत्री आजम खान से पूछताछ शुरू कर दी। टीम ने करीब आठ घंटाें की लंबी पूछताछ की है। पता चला है कि टीम ने आजम से ईडी जौहर ट्रस्ट और उससे जुड़े वित्तीय लेन-देन के मामले में पूछताछ की है। टीम ने ट्रस्ट में होने वाले फैसलों में उनकी भूमिका, दान दिलाने और जौहर यूनिवर्सिटी के निर्माण कार्यों से जुड़े सवाल जवाब किए हैं। इससे पहले रामपुर की चमरौआ सीट से समाजवादी पार्टी के विधायक नसीर अहमद खान से करीब सात घंटे तक पूछताछ की। नसीर जौहर ट्रस्ट के संयुक्त सचिव रहे हैं।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / दीपक