चार्जिंग में लगे ई रिक्शा में करंट उतरने से मासूम की मौत

 

फर्रुखाबाद, 14 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद फर्रुखाबाद केमऊ दरवाजा थाना क्षेत्र के गांव अर्रापहाड़पुर में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में 12 वर्षीय बालक की करंट लगने से मौत हो गई। यहां के निवासी ब्रजमोहन का 12 वर्षीय पुत्र कृष्णा मोहल्ले में खेल रहा था। इसी दौरान वहां एक ई-रिक्शा चार्जिंग पर लगा हुआ था। किसी तकनीकी खराबी के चलते ई-रिक्शा में करंट प्रवाहित हो गया। अनजाने में कृष्णा उसके संपर्क में आ गया और तेज करंट लगने से मौके पर ही अचेत होकर गिर पड़ा।

घटना की जानकारी होते ही आसपास के लोग मौके पर दौड़ पड़े और परिजनों को सूचना दी। परिजन आनन-फानन में कृष्णा को नेहा नर्सिंग होम लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना पर मऊ दरवाजा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और आवश्यक जांच-पड़ताल शुरू की। थानाध्यक्ष अजब सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar