पंकज चौधरी ने भाजपा कार्यालय पर किया ध्वजारोहण, कहा 2027 के विधानसभा चुनाव में लगायेंगे हैट्रिक

 




कांग्रेस जाति धर्म और क्षेत्र के नाम पर लोगों को बांटने का काम करती है : चौधरी

लखनऊ, 06 अप्रैल (हि.स.)। केन्द्रीय वित्त राज्यमंत्री व भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर सोमवार 06 अप्रैल को प्रदेश मुख्यालय पर ध्वजारोहण किया। इसके बाद लखनऊ स्थित प्रदेश कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में भारतमाता , डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर पुष्प अर्पित कर नमन किया।भाजपा के 47वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने विश्व के सबसे बड़े सेवा संगठन का हिस्सा होने की सभी को बधाई दी तथा सेवा, समर्पण और ‘राष्ट्र प्रथम’ के संकल्प को और अधिक सशक्त करने के लिए कार्यकर्ताओं से निरंतर अग्रसर रहने का आह्वान किया।

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पंकज चौधरी ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं के बल, त्याग और तपस्या से पूर्ण बहुमत की भाजपा सरकार बनी है। आगामी होने वाले उत्तर प्रदेश के 2027 के विधानसभा चुनाव में भी हैट्रिक लगायेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता पदाधिकारी 365 दिन जनता की सेवा करते हैं। हमारी डबल इंजन की सरकारें आम जन की सेवा करती हैं।

सपा अध्यक्ष पर निशाना साधते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि अखिलेश यादव की पुरानी आदत है हार जाओ तो ईवीएम पर आराेप लगाओ और अगरो जीत जाओ तो सब अच्छा है। उन्होंने कहा कि 2017 के पहले का उत्तर प्रदेश जनता भूली नहीं है। सपा सरकार में कोई सुरक्षित नहीं था जनता यह भूली नहीं है। जनता गुंडाराज को पुनः उत्तर प्रदेश में नहीं लाना चाहेगी। पंचायत चुनाव के बारे में कहा कि पंचायत चुनाव कराना आयोग का काम है। प्रदेश सरकार पंचायत चुनाव के लिए तैयार है। पंकज चौधरी ने कहा कि कांग्रेस जाति धर्म और क्षेत्र के नाम पर लोगों को बांटने का काम करती है। खड़गे जैसे वरिष्ठ नेता भी राहुल गांधी के इशारे पर ऐसी भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं।

भाजपा के प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि एक सशक्त विचारधारा है, जो राष्ट्र प्रथम के सिद्धांत के साथ समाज, देश और विश्व के कल्याण हेतु निरंतर कार्य कर रही है। आज हम सभी मिलकर इस विचार को जन-जन तक पहुँचाने और राष्ट्र निर्माण के इस अभियान को और गति देने का संकल्प लें। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक,प्रदेश महामंत्री संजय राय व पूर्व मंत्री डा. महेन्द्र सिंह सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन