ड्यूटी नहीं बनेगी सपनों की बाधा, डी-कोड से घर बैठे मिलेगी डिग्री : प्रो. विनय कुमार पाठक

 


कानपुर, 10 जून (हि.स.)। देश की सीमाओं पर तैनात सैनिकों, सुरक्षाकर्मियों तथा विभिन्न संस्थानों में कार्यरत कर्मचारियों को अब नौकरी के साथ उच्च शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।

छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय का डी-कोड उन्हें घर बैठे पढ़ाई और डिग्री हासिल करने की सुविधा देगा। ड्यूटी, स्थानांतरण और समय की कमी के कारण अधूरे रह जाने वाले शिक्षा के सपनों को इससे नई उड़ान मिलेगी। यह बातें बुधवार को विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने कहीं।

छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय का डी-कोड (द्रोणाचार्य सेंटर फॉर ऑनलाइन एंड डिस्टेंस एजुकेशन) सैनिकों, सुरक्षा कर्मियों, हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड, भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम, भारतीय खेल प्राधिकरण, रेलवे, बैंकिंग, सार्वजनिक उपक्रमों, रक्षा उत्पादन इकाइयों, सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र तथा निजी संस्थानों में कार्यरत कर्मियों को उच्च शिक्षा उपलब्ध कराएगा।

प्रो. विनय कुमार पाठक ने कहा कि ड्यूटी, स्थानांतरण, पाली आधारित कार्य व्यवस्था और पारिवारिक जिम्मेदारियों के कारण अनेक कर्मयोगी उच्च शिक्षा का सपना पूरा नहीं कर पाते। डी-कोड के माध्यम से वे अपनी नौकरी जारी रखते हुए स्नातक, परास्नातक और अन्य व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में अध्ययन कर सकेंगे।

इस पहल की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि सैन्य कर्मियों, अग्निवीरों और उनके आश्रितों को विश्वविद्यालय शुल्क में 50 प्रतिशत तक की छूट प्रदान की जाएगी। इससे आर्थिक कारणों से शिक्षा प्राप्त करने में आने वाली बाधाएं भी कम होंगी।

दूरस्थ एवं ऑनलाइन शिक्षा प्रणाली के माध्यम से शिक्षार्थी अपने कार्यस्थल या घर से ही अध्ययन कर सकेंगे। सिख लाइट इन्फैंट्री रेजिमेंटल सेंटर, फतेहगढ़ के साथ हुए समझौते के तहत अब तक 591 शिक्षार्थी डी-कोड के विभिन्न कार्यक्रमों में प्रवेश ले चुके हैं।

डी-कोड की निदेशक डॉ. सरोज द्विवेदी ने बताया कि जल्द ही कृत्रिम बुद्धिमत्ता, वेब विकास, कंप्यूटर एवं सूचना प्रौद्योगिकी, ड्रोन प्रशिक्षण, साइबर सुरक्षा जागरूकता तथा अन्य रोजगारोन्मुखी प्रमाणपत्र पाठ्यक्रम भी शुरू किए जाएंगे। वहीं, सहायक निदेशक डॉ. विमल सिंह ने कहा कि यह पहल कर्मयोगियों को शिक्षा और करियर उन्नयन के नए अवसर प्रदान करेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप