विजयादशमी शोभायात्रा की सुरक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट
गोरखपुर, 07 अक्टूबर (हि.स.)। गोरखनाथ मंदिर से विजयादशमी के अवसर पर निकलने वाली मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पारंपरिक शोभायात्रा को लेकर प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी ताकत झोंक दी है। मुख्यमंत्री की मौजूदगी में निकलने वाली इस महत्वपूर्ण शोभायात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा का व्यापक खाका तैयार किया गया है। इसी क्रम में बुधवार को गोरखनाथ थाने में जिलाधिकारी दीपक मीणा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. काैस्तुभ ने अधीनस्थ अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की।
बैठक में शोभायात्रा के निर्धारित मार्ग, गोरखनाथ मंदिर परिसर, आसपास के क्षेत्रों, भीड़ नियंत्रण, यातायात संचालन, पुलिस बल की तैनाती और संवेदनशील स्थानों की सुरक्षा व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही या चूक बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी अपने दायित्वों को पूरी गंभीरता से निभाएं और शोभायात्रा से पहले प्रत्येक व्यवस्था की दोबारा समीक्षा कर लें।
जिलाधिकारी दीपक मीणा ने कहा कि मुख्यमंत्री की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। शोभायात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपने-अपने क्षेत्रों का पहले से निरीक्षण कर संभावित समस्याओं और संवेदनशील बिंदुओं की पहचान करें तथा उनका समय रहते समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने भीड़ वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने और सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया। डीएम ने कहा कि ड्यूटी में लगाए गए प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी को उसकी जिम्मेदारी स्पष्ट रूप से पता होनी चाहिए, ताकि किसी भी परिस्थिति में निर्णय लेने में देरी न हो।
एसएसपी डॉ. काैस्तुभ ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शोभायात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह मजबूत और प्रभावी रहे। सभी पुलिस अधिकारी अपने-अपने दायित्व वाले क्षेत्रों का पहले से निरीक्षण कर लें और तैनाती से जुड़ी सभी तैयारियां समय से पूरी कर लें। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की सुरक्षा के साथ ही शोभायात्रा में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं और आम नागरिकों की सुरक्षा भी पुलिस की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी को देखते हुए भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जाए। किसी भी परिस्थिति में अव्यवस्था उत्पन्न न हो, इसके लिए पुलिस बल पूरी तरह सतर्क और मुस्तैद रहे।
बैठक में शोभायात्रा मार्ग पर पुलिस बल की तैनाती, भीड़ नियंत्रण और यातायात संचालन की व्यवस्था की जानकारी अधिकारियों से ली गई। निर्देश दिया गया कि भीड़ अचानक बढ़ने की स्थिति में तत्काल प्रभावी कार्रवाई के लिए वैकल्पिक व्यवस्था पहले से तैयार रखी जाए। यातायात पुलिस को निर्देशित किया गया कि शोभायात्रा के दौरान यातायात संचालन व्यवस्थित ढंग से किया जाए, जिससे आम लोगों को अनावश्यक परेशानी न हो और शोभायात्रा भी निर्धारित मार्ग पर सुचारु रूप से आगे बढ़ती रहे।
सुरक्षा व्यवस्था में विभिन्न सुरक्षा इकाइयों के बीच बेहतर समन्वय पर भी विशेष जोर दिया गया। स्थानीय पुलिस के साथ यातायात पुलिस, मंदिर सुरक्षा, एलआईयू और एटीएस सहित अन्य सुरक्षा इकाइयों की भूमिका पर चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि सभी सुरक्षा एजेंसियां आपस में लगातार संपर्क और समन्वय बनाए रखें। संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखने, महत्वपूर्ण स्थानों पर निगरानी बढ़ाने और किसी भी सूचना को गंभीरता से लेते हुए तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। भीड़ के बीच सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखने को कहा गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय