कारों की हुई आमने-सामने टक्कर में दो की मौत, एक गंभीर
बिजनौर, 0५ मार्च (हि.स.) | जनपद बिजनौर के किरतपुर मार्ग पर गांव झालरा के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग पर देर रात दो कारों की आमने-सामने की हुई जोरदार टक्कर में दो की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी तथा घायलों को कार से बाहर निकलने का प्रयास भी किया | मृतकों की पहचान हर्ष चौधरी 32 वर्ष निवासी ग्राम फरीदपुर भोगी थाना थाना बिजनौर तथा मोहित 35 वर्ष के रूप में हुई है |
बताया जा रहा है कि मोहित गुरुद्वारा रोड पर मां लक्ष्मी के नाम से दूध की डेरी संचालित करते थे | इन दोनों मौत से परिवारों में कोहराम मच गया है। इस हादसे में गंभीर रूप से घायल गुरुद्वारा के सूबेदार रविंद्र सिंह को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है |
मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है | इस हादसे के कारण कई घंटे यातायात प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद शुरू कराया | थाना प्रभारी ने बताया कि आगे की कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / नरेन्द्र