बाराबंकी में डंपर ने एक ही परिवार के पांच लोगों को रौंदा, चार की मौत

 




बाराबंकी, 23 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में बाराबंकी जिले के फतेहपुर थाना क्षेत्र स्थित झांसा गांव में शुक्रवार की देर रात हुए सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। हादसे में घायल एक महिला की हालत गंभीर है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम भेजकर मामले की जांच की जा रही है।

सीओ फतेहपुर जगतराम कन्नौजिया ने शनिवार को बताया कि मृतक नीरज किराए पर मैजिक चलाकर परिवार पालता था। उसके परिवार में पत्नी आरती, बेटा अनुराग, अंशु और बेटी अंशिका थी। परजिनों और लोगों से पता चला है कि शुक्रवार की रात खाना पीना खाकर सब घर में सो रहे थे। अचानक रात में बिजली कट गई तो नीरज पूरे परिवार को लेकर सड़क के किनारे सो गया। रात करीब दो बजे तेज रफ्तार बेकाबू डंपर ने पहले सड़क किनारे खड़े पेड़ में जोरदार टक्कर मारी, फिर बाहर सो रहे परिवार को कुचल दिया। चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण दौड़े और घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी। एक ही परिवार के चार लोगों की मौत से गांव में मातम पसरा गया। वहीं, आरती की हालत नाजुक होने पर डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान लखनऊ रेफर किया गया हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही हैं।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी