मंडल रेल प्रबंधक ने हरिद्वार स्टेशन पर श्रमदान कर अर्ध कुम्भ-2027 की तैयारियों का लिया जायजा
- डीआरएम ने सफाई मित्रों एवं नगर निगम हरिद्वार की टीम के साथ स्वच्छता गतिविधियों में सहभागिता निभाई
- मंडल रेल प्रबंधक ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा तथा भगवान विष्णु जी की प्रतिमा पर स्वयं की पेंटिंग
मुरादाबाद, 28 सितम्बर (हि.स.)। स्वच्छता ही सेवा अभियान-2026 के अंतर्गत मंडल रेल प्रबंधक विनीता श्रीवास्तव ने हरिद्वार रेलवे स्टेशन का विस्तृत निरीक्षण कर स्वच्छता व्यवस्थाओं, यात्री सुविधाओं तथा अर्ध कुम्भ-2027 की तैयारियों की व्यापक समीक्षा की। इस अवसर पर उन्होंने स्टेशन स्टाफ, सफाई मित्रों तथा नगर निगम हरिद्वार की टीम के साथ श्रमदान कर स्वच्छता के प्रति जनभागीदारी और सामूहिक उत्तरदायित्व का सशक्त संदेश दिया।
उत्तर रेलवे के मुरादाबाद रेल मंडल में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने सोमवार को बताया कि स्वच्छता अभियान के अंतर्गत विनीता श्रीवास्तव ने स्टेशन परिसर में स्थापित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की प्रतिमा तथा भगवान विष्णु जी की प्रतिमा पर स्वयं पेंटिंग कर उनके संरक्षण एवं परिसर की सौंदर्यवृद्धि में सक्रिय योगदान दिया।
इसके उपरांत डीआरएम ने स्टेशन परिसर में श्रमदान करते हुए सफाई मित्रों एवं नगर निगम हरिद्वार की टीम के साथ स्वच्छता गतिविधियों में सहभागिता निभाई तथा सफाई मित्रों के योगदान की सराहना करते हुए उन्हें स्वच्छ भारत के निर्माण का महत्वपूर्ण आधार बताया।
हरिद्वार में आयोजित होने वाले अर्ध कुम्भ-2027 को दृष्टिगत रखते हुए मंडल रेल प्रबंधक ने स्टेशन पर चल रही तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया। उन्होंने यात्रियों की संभावित बढ़ी हुई संख्या के अनुरूप भीड़ प्रबंधन, यात्री सुविधाओं तथा आधारभूत संरचनाओं की तैयारियों की समीक्षा की। इस क्रम में उन्होंने परमानेंट होल्डिंग एरिया के निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को गुणवत्ता मानकों एवं निर्धारित समय-सीमा के अनुरूप कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं एवं यात्रियों को सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित यात्रा अनुभव उपलब्ध कराया जा सके।
मंडल रेल प्रबंधक महेश यादव ने सिडकुल हरिद्वार में उद्योग एवं व्यापार जगत के प्रतिनिधियों के साथ बैठक भी की। बैठक में अर्ध कुम्भ-2027 के दौरान सुगम माल यातायात सुनिश्चित करने, रेलवे के माध्यम से माल परिवहन को बढ़ावा देने, रेलवे सेवाओं के अधिकाधिक उपयोग तथा उद्योगों एवं व्यापारिक प्रतिष्ठानों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। उन्होंने रेलवे को उद्योग एवं व्यापार के लिए विश्वसनीय, सुरक्षित एवं पर्यावरण अनुकूल परिवहन माध्यम बताते हुए सहभागिता को और सुदृढ़ बनाने पर बल दिया।
निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक आदित्य गुप्ता, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (फ्रेट) विपिन शर्मा सहित मंडल के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल