यात्रियों की सुविधा सर्वाेच्च प्राथमिकता होनी चाहिए : रजनीश अग्रवाल
--मुख्य टिकट निरीक्षकों की बैठक में यात्री सुविधाओं, समयपालन एवं राजस्व वृद्धि पर जोर
प्रयागराज, 19 मार्च (हि.स)। मण्डल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल की अध्यक्षता में, अपर मण्डल रेल प्रबंधक दीपक कुमार तथा वरिष्ठ मण्डल वाणिज्य प्रबंधक (कोचिंग) हरिमोहन, मण्डल वाणिज्य प्रबंधक अंकित अग्रवाल की उपस्थिति में प्रयागराज मण्डल के सभी मुख्य टिकट निरीक्षक, स्टेशन एवं मुख्य टिकट निरीक्षक, लाइन के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की गई। जिसमें टिकट जांच व्यवस्था, यात्री सुविधाओं में सुधार, ट्रेनों के समयपालन तथा राजस्व वृद्धि से सम्बंधित विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई।
इस अवसर पर मण्डल रेल प्रबंधक ने कहा कि यात्रियों की सुविधा सर्वाेच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। आगामी ग्रीष्मकाल को दृष्टिगत रखते हुए स्टेशनों पर उपलब्ध संसाधनों का नियमित आंकलन कर किसी भी आवश्यकता की जानकारी समय रहते प्रशासन को उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने सभी कर्मचारियों को तत्परता एवं सकारात्मकता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।
अपर मण्डल रेल प्रबंधक दीपक कुमार ने कहा कि वाणिज्य विभाग रेलवे प्रशासन का एक महत्वपूर्ण अंग है, जिसकी सकारात्मक भूमिका से यात्रियों के मध्य रेलवे की छवि सुदृढ़ होती है तथा रेल परिचालन एवं आय में भी उल्लेखनीय सुधार संभव है।
जनसम्पर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने गुरूवार को जानकारी देते हुए बताया कि बैठक का मुख्य उद्देश्य यात्री सुविधाओं को सुदृढ़ बनाना, ट्रेनों के समयपालन में सुधार करना, अनावश्यक डिटेंशन को कम करना तथा वाणिज्यिक राजस्व में वृद्धि सुनिश्चित करना था। इस दौरान वरिष्ठ मण्डल वाणिज्य प्रबंधक (कोचिंग) हरिमोहन ने अलार्म चेन पुलिंग की घटनाओं को न्यूनतम रखने तथा ऐसी घटनाओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए, जिससे ट्रेनों का औसत डिटेंशन समय घटाकर अधिकतम 05 मिनट तक सीमित किया जा सके। इसी प्रकार मेडिकल डिमांड मामलों में भी त्वरित कार्रवाई कर अनावश्यक ठहराव को कम करने पर बल दिया गया।
रेल मदद के अंतर्गत प्राप्त ओवरक्राउडिंग सम्बंधी शिकायतों को कम करने हेतु निर्देशित किया गया कि यात्रियों को उनके टिकट प्राधिकार के अनुसार उचित कोच में स्थानांतरित किया जाए तथा अनधिकृत यात्रियों को नियमानुसार डिबोर्ड किया जाए। सभी स्टेशनों पर न्यूनतम आवश्यक सुविधाएं मानकों के अनुरूप वाटर बूथ एवं वाटर कूलर की व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ-साथ आवश्यकता अनुसार अतिरिक्त व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त प्रतीक्षालयों में पंखे एवं एसी की कार्यशीलता, शौचालयों की नियमित सफाई तथा जल आपूर्ति एवं नलों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
पीआरओ ने आगे बताया कि आगामी ग्रीष्मकालीन मौसम को ध्यान में रखते हुए प्लेटफार्मों पर यात्रियों हेतु प्याऊ की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए एनजीओ, चैरिटेबल ट्रस्ट, यात्री संघ एवं अन्य सामाजिक संस्थाओं से समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए। राजस्व वृद्धि के उद्देश्य से काउंटर टिकट बिक्री एवं टिकट चेकिंग आय बढ़ाने हेतु फोर्ट्रेस चेक, मजिस्ट्रेट चेक सहित सघन जांच अभियान चलाने पर बल दिया गया। साथ ही स्टेशनों के निकास द्वारों पर यूटीएस टिकट की सघन जांच सुनिश्चित कर अनियमित यात्रियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। दिव्यांगजन कोचों में अनधिकृत यात्रियों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर नियमानुसार शुल्क वसूली एवं उन्हें कोच से हटाने के निर्देश भी दिए गए।
इसके अतिरिक्त, मुख्यालय एवं मण्डल स्तर से प्राप्त निर्देशों के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु टीटीई लॉबी में “ओपन एश्योरेंस रजिस्टर” में सम्बंधित पत्र चस्पा कर सभी कर्मचारियों द्वारा उसका अवलोकन एवं हस्ताक्षर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, जिससे पारदर्शिता एवं जवाबदेही को बढ़ावा मिल सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र