डीआरएम ने अमृत भारत स्टेशन महोबा का किया निरीक्षण, खामियां मिलने पर लगाई फटकार
महोबा, 09 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय रेलवे के झांसी मंडल के मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार ने गुरुवार को महोबा अमृत भारत रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने यात्री सुविधाओं, वाटर कूलर एवं पेयजल व्यवस्था, स्टेशन परिसर की साफ-सफाई, संरक्षा मानकों के अनुपालन तथा सिग्नल एवं दूरसंचार इंस्टॉलेशन की स्थिति का अवलोकन किया। मंडल रेल प्रबंधक ने अधिकारियों को आवश्यक सुधार कार्यों को प्राथमिकता से पूर्ण करने के निर्देश दिए ।
मंडल रेल प्रबंधक ने वीआईपी रूम, शौचालय, जन सुविधा केंद्र, खान-पान स्टॉल, रैंप, स्टेशन भवन, प्लेटफॉर्म एवं सर्कुलेटिंग एरिया, रेलवे के अस्पताल का निरीक्षण करते हुए व्यवस्थाओं की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के लिए कहा। साथ ही स्टेशन मास्टर के कार्य ज्ञान की परख कर परिचालन एवं संरक्षा से जुड़े पहलुओं पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान स्टेशन में लगे स्टॉल में डीआरएम ने रखे खाने के पैकेट पर तारीख न लिखी होने पर उस पर जुर्माना लगाया है। साथ ही उन्होंने खाने के सभी पैकेटों पर तारीख अंकित करने के निर्देश दिए हैं। इस दौरान मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार ने रेलवे स्टेशन पर पानी की बोतल को निर्धारित कीमत 14 पर बेचने के निर्देश दिए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उपेन्द्र द्विवेदी