जौनपुर जंक्शन के यार्ड री-मॉडलिंग कार्य का डीआरएम ने किया निरीक्षण
जौनपुर,20 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के मंडल रेल प्रबंधक सुनील कुमार वर्मा ने बुधवार को जौनपुर जंक्शन स्टेशन पर चल रहे यार्ड री-मॉडलिंग कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान मंडल के विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने ट्रैक, सिग्नलिंग और विद्युत संबंधी कार्यों का जायजा लेते हुए अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्ता एवं सुरक्षा मानकों के अनुरूप कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
अयोध्या कैंट-अकबरपुर-जफराबाद रेलखंड पर स्थित जौनपुर जंक्शन स्टेशन पर यह कार्य यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने तथा रेल संचालन को अधिक सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित करने के उद्देश्य से कराया जा रहा है। इसके तहत 4 मई से 27 मई तक कुल 24 दिनों का प्री-नॉन इंटरलॉकिंग ब्लॉक लिया गया है।
परियोजना के अंतर्गत स्टेशन यार्ड, ट्रैक संरचना, पॉइंट एवं क्रॉसिंग तथा सिग्नलिंग प्रणाली का आधुनिकीकरण किया जा रहा है। पुराने ट्रैक विन्यास को बदलकर नया और अधिक उपयोगी लेआउट तैयार किया जा रहा है, जिससे ट्रेनों के आगमन एवं प्रस्थान में सुविधा होगी। साथ ही उच्च क्षमता वाले नए पॉइंट एवं क्रॉसिंग लगाए जा रहे हैं, जिससे ट्रेनों की गति और सुरक्षा में सुधार होगा।
इसके अलावा आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग और सिग्नलिंग प्रणाली भी स्थापित की जा रही है। ट्रैक परिवर्तन के अनुसार ओवरहेड इलेक्ट्रिक वायर और पोल में भी आवश्यक संशोधन किए जा रहे हैं। इससे प्लेटफॉर्म कनेक्टिविटी बेहतर होगी और एक साथ अधिक ट्रेनों के संचालन की क्षमता विकसित होगी।
निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने लोको पायलट एवं ट्रेन मैनेजर के रनिंग रूम का भी जायजा लिया। उन्होंने गार्ड और ड्राइवरों से सुविधाओं एवं भोजन की गुणवत्ता की जानकारी ली। साथ ही पावर केबिन पहुंचकर कार्यरत कर्मचारियों के तकनीकी ज्ञान का भी परीक्षण किया।-------------
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव