पैट परीक्षा के मद्देनजर मंडल रेल प्रबंधक विनीता श्रीवास्तव ने रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण
मुरादाबाद, 30 अक्टूबर (हि.स.)। मुरादाबाद रेल मंडल में आयोजित प्रारंभिक अर्हता परीक्षा के दृष्टिगत मुरादाबाद रेल मंडल में मंडल रेल प्रबंधक विनीता श्रीवास्तव ने शुक्रवार को प्रातःकाल और सायंकाल मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पहुंचकर परीक्षार्थियों की सुविधा, सुगम आवागमन एवं सुरक्षा व्यवस्था का विस्तृत निरीक्षण किया।
उत्तर रेलवे के मुरादाबाद रेल मंडल में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने शुक्रवार को बताया कि आज निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक ने स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया, प्लेटफॉर्म, फुट ओवरब्रिज, विश्रामालय, वेटिंग रूम, हेल्प डेस्क एवं सहयोग केंद्र का जायजा लिया। इसके अतिरिक्त स्टेशन के आगमन एवं प्रस्थान द्वार, स्टेशन पर ठहरने वाली गाड़ियों, प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध लिफ्ट एवं एस्केलेटर, एटीवीएम मशीनों तथा अनारक्षित एवं आरक्षित टिकट बुकिंग काउंटरों की कार्यप्रणाली का निरीक्षण किया।
मंडल रेल प्रबंधक ने स्टेशन पर नियमित उद्घोषणा प्रणाली, परीक्षार्थियों के सुगम आवागमन हेतु किए गए प्रबंधों, रेलवे सुरक्षा बल एवं टिकट चेकिंग स्टाफ की तैनाती तथा स्टेशन परिसर में स्वच्छता व्यवस्था का भी जायजा लिया। मंडल रेल प्रबंधक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा के दौरान यात्रियों एवं परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा सभी सुरक्षा एवं यात्री सुविधा व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित रहें। उन्होंने भीड़ प्रबंधन, सतर्क निगरानी एवं यात्रियों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया। निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक ने स्टेशन पर उपस्थित परीक्षार्थियों से संवाद स्थापित किया तथा उन्हें परीक्षा में सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक (ओपी) पारितोष गौतम, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त ऋषि कुमार शुक्ला सहित अन्य रेल अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल