मंडल रेल प्रबंधक ने मुरादाबाद-बरेली रेलखंड का किया विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण
- डीआरएम ने स्वच्छता ही सेवा अभियान-2026 के तहत बरेली जंक्शन पर श्रमदान कर दिया स्वच्छता का संदेश
मुरादाबाद, 20 सितम्बर (हि.स.)। मुरादाबाद रेल मंडल की मंडल रेल प्रबंधक विनीता श्रीवास्तव ने रविवार को मुरादाबाद से बरेली तक विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान रेलखंड में संरक्षा एवं परिचालन से संबंधित विभिन्न पहलुओं, रेलपथ एवं रेल परिसंपत्तियों की स्थिति तथा समग्र व्यवस्थाओं का अवलोकन किया गया।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने बताया कि विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक ने रेलपथ, ट्रैक के आसपास की व्यवस्थाओं, समपार फाटकों, पुलों एवं अन्य महत्वपूर्ण रेल परिसंपत्तियों का चलती ट्रेन से निरीक्षण किया है। संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। निरीक्षण का उद्देश्य रेलखंड की समग्र स्थिति का जायजा लेते हुए संरक्षा, परिचालन एवं रखरखाव संबंधी व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ करना रहा।
बरेली जंक्शन पहुंचने के उपरांत मंडल रेल प्रबंधक द्वारा स्टेशन पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं एवं स्टेशन की विभिन्न व्यवस्थाओं का विस्तृत निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने रेल कोच रेस्टोरेंट, अनारक्षित टिकट बुकिंग कार्यालय, प्लेटफॉर्म, सर्कुलेटिंग एरिया, आरक्षण कार्यालय तथा ‘एक स्टेशन एक उत्पाद’ ट्रॉली का निरीक्षण किया।
वन स्टेशन वन प्रोडक्ट ट्रॉली के निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक ने वहां उपलब्ध विभिन्न स्थानीय उत्पादों एवं विक्रय सामग्री की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने बरेली के प्रसिद्ध सुरमे के संबंध में भी जानकारी ली तथा डिजिटल माध्यम से भुगतान करते हुए उत्पाद का क्रय किया। उन्होंने स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने तथा यात्रियों को गुणवत्तापूर्ण स्थानीय उत्पाद उपलब्ध कराने में ‘एक स्टेशन एक उत्पाद योजना की भूमिका पर जोर दिया।
इसके उपरांत ‘स्वच्छता ही सेवा अभियान-2026’ के अंतर्गत बरेली जंक्शन के सर्कुलेटिंग एरिया में स्वच्छता अभियान एवं श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया।
जिसमें मंडल रेल प्रबंधक विनीता श्रीवास्तव ने इनर व्हील क्लब ऑफ बरेली जुपिटर, उत्तर रेलवे भारत स्काउट्स एवं गाइड्स की टीम तथा स्टेशन स्टाफ के साथ श्रमदान करते हुए स्वच्छता का संदेश दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल