ड्राइविंग लाइसेंस के रिन्यूअल में आ रही कठिनाइयों का मुद्दा सदन में उठा
लखनऊ, 19 फरवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के विधान परिषद सदस्य विजय बहादुर पाठक ने गुरुवार को विधान परिषद में नियम 110 के अन्तर्गत ड्राइविंग लाइसेंस के रिन्यूअल में आ रही कठिनाइयों के समाधान कराए जाने का विषय उठाया। सभापति कुंवर मानवेन्द्र प्रताप सिंह ने सरकार को प्रभावी कार्यवाही के लिए भेज दिया।
विजय बहादुर पाठक ने कहा कि परिवहन व्यवस्था में सुधार और आमजन को कैसे सहूलियत मिल सके इसलिए इसको लेकर सरकार नित नये सुधार कर रही है। किन्तु ड्राविंग लाइसेंस के रिन्यूअल को लेकर लोगों को दुस्वारियों का सामना करना पड़ रहा है। डेटा ब्लाक होने के वजह से रिन्यूअल में डी डुप्लीकेशन के लिए मूल आरटीओ के यहां जाना पड़ रहा है। सबसे अधिक इस समस्या से सीनियर सीटीजन परेशान है। वास्तव में लोगों की सुविधा के लिए की गई यह सुविधा परेशानी बढ़ा रही है।
उन्होंने बताया कि डी.एल.में पता परिवर्तन होने पर उसमें डेटा दोनों जगहों का जुड़ जाता है। ऐसे में रिन्यूअल प्रक्रिया के दौरान ये दोनों पत्ते परेशानी का सबब बन रहे हैं, ऐसे में एक डेटा हटने के बाद ही रिन्यूअल की बाकी प्रक्रिया पूरी हो पायेगी। इसके लिए आवेदक को मूल जिले में जाना पड़ रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन