ट्रैक्टर से दबकर चालक की मौत, अवैध खनन माफियाओं पर हत्या का आरोप
उरई, 22 फ़रवरी (हि.स.)। जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने तब सियासी रंग ले लिया, जब मृतक के परिजनों ने इस हादसे को महज दुर्घटना न मानकर अवैध मिट्टी खनन माफियाओं द्वारा की गई हत्या करार दे दिया। हादसे के बाद पुलिस की कार्यवाही और दो थानों के बीच विवाद से नाराज परिजनों ने मृतक के शव को बीच सड़क पर रखकर जाम लगा दिया, जिससे आमजन में रोष व्याप्त हो गया।
बता दें कि, यह मामला उरई कोतवाली क्षेत्र के कोंच बस स्टैंड के पास वेदिका गेस्ट हाउस के सामने का है। बताया जा रहा है कि एक ट्रैक्टर के पलटने से उसका चालक राजेश पुत्र जयराम गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसकी बाद में मौत हो गई। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। लेकिन आरोप है कि मामले को दर्ज करने को लेकर जालौन कोतवाली और उरई कोतवाली के बीच विवाद खड़ा हो गया। जिससे परिजनों में आक्रोश फैल गया। मृतक के परिजनों का आरोप है कि यह हादसा नहीं, बल्कि क्षेत्र में सक्रिय अवैध मिट्टी खनन माफियाओं द्वारा उनके परिजन की हत्या की गई है। आक्रोशित परिजनों ने पुलिस पर माफियाओं से मिलीभगत का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग को लेकर शव को सड़क पर रख जाम लगा दिया। परिजन मौके पर ही नारेबाजी करते हुए माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करने लगे।
जाम की सूचना मिलते ही सीओ सिटी राजीव कुमार शर्मा भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को समझाया और आश्वासन दिया कि उनकी शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी। पुलिस आश्वासन के बाद परिजनों ने जाम समाप्त कर दिया। मृतक के परिजनों का कहना है कि यह कोई हादसा नहीं बल्कि हत्या है। उसे इलाके के अवैध खनन माफियाओं ने उसे मारा है। पुलिस वालों ने पहले तो केस दर्ज करने से मना कर दिया और दो थानों के बीच झूला झूलते रहे। हम चाहते हैं कि असली हत्यारों को पकड़ा जाए।
वही, सीओ सिटी राजीव कुमार शर्मा ने बताया कि सूचना मिली थी कि एक ट्रैक्टर दुर्घटना में चालक की मौत हो गई है और परिजन शव को लेकर सड़क पर जाम लगा रहे हैं। मौके पर पहुंचकर परिजनों से वार्ता की गई। उनकी तहरीर के आधार पर जालौन कोतवाली में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। परिजनों को आश्वस्त कर दिया गया है कि नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति सामान्य है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विशाल कुमार वर्मा