डेनमार्क में आयोजित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में प्रतिभाग करेंगे डॉ नितेश जायसवाल

 


जौनपुर, 23 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में स्थित वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के प्रो. राजेन्द्र सिंह (रज्जू भैया) भौतिक विज्ञान अध्ययन एवं शोध संस्थान के रसायन विज्ञान विभाग में कार्यरत सहायक आचार्य डॉ. नितेश जायसवाल को डेनमार्क के ओडेंस में 28 जून से 3 जुलाई 2026 तक आयोजित होने वाले 46वें अंतरराष्ट्रीय कोऑर्डिनेशन केमिस्ट्री सम्मेलन में शोध पत्र प्रस्तुत करने के लिए आमंत्रित किया गया है। यह सम्मेलन कोऑर्डिनेशन केमिस्ट्री के क्षेत्र का विश्वस्तरीय एवं प्रतिष्ठित सम्मेलन है, जो प्रत्येक दो वर्ष पर आयोजित होता है। इसमें विभिन्न देशों के अग्रणी वैज्ञानिक, शिक्षाविद एवं शोधकर्ता भाग लेते हैं।

डॉ. जायसवाल इस सम्मेलन में अपने शोध विषय मल्टीफंक्शनल सिफ बेस मेटल कॉम्प्लेक्सेस पर मौखिक प्रस्तुति देंगे। उनका शोध कार्य संक्रमण धातु-आधारित उपसहसंयोजक यौगिकों के संश्लेषण, संरचनात्मक अध्ययन तथा उनके जैविक एवं औद्योगिक अनुप्रयोगों से संबंधित है।

डॉ. जायसवाल को इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में सहभागिता करने के लिए अनुसंधान नेशनल रिसर्च फाउंडेशन, भारत सरकार की अंतरराष्ट्रीय यात्रा योजना के अंतर्गत यात्रा अनुदान स्वीकृत हुआ है। इस अनुदान के माध्यम से उन्हें अंतरराष्ट्रीय हवाई यात्रा, वीजा शुल्क तथा सम्मेलन पंजीकरण शुल्क आदि के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की गई है।

इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में उपसहसंयोजक यौगिकों के जैविक एवं चिकित्सीय अनुप्रयोग, उत्प्रेरण, ऊर्जा एवं स्थिरता के लिए समन्वय यौगिक, आणविक मॉडलिंग तथा उन्नत पदार्थ विज्ञान जैसे समसामयिक विषयों पर व्याख्यान एवं प्रस्तुतियां होंगी।

डॉ. जायसवाल की इस उपलब्धि पर मंगलवार को कुलपति प्रो. वंदना सिंह ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। संस्थान के निदेशक प्रो. मिथिलेश सिंह, अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. प्रमोद कुमार यादव ने डॉ नितेश जायसवाल को बधाई व शुभकामनाएं दी।

रसायन विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. प्रमोद कुमार ने कहा कि डॉ जायसवाल की सहभागिता विश्वविद्यालय की अंतरराष्ट्रीय पहचान को सुदृढ़ करेगी तथा वैश्विक शोध सहयोग को भी बढ़ावा देगी।--------------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव